कांग्रेस जनता के बीच जाकर गांधी जी के विचारों से अवगत कराएः राकेश सिंह        


जबलपुर। कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी की गांधी संकल्प यात्रा रास नहीं आ रही है। कांग्रेस को केवल सत्ता रास आती है और सत्ता के साथ साथ जो बुराईयां पनपी हैं, वो रास आती हैं। यात्रा की बुराई करने की बजाय कांग्रेस में अगर सामर्थ्य है, तो उसे भी जनता के बीच पहुंचकर लोगों को गांधीजी के विचारों से अवगत कराना चाहिए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने जबलपुर में गांधी संकल्प यात्रा के तीसरे दिन मीडिया से चर्चा करते हुए कही।प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गांधी संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत पं दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। यात्रा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा लोगों से अपने आसपास सफाई रखने का आह्वान किया। उन्होंने व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया। सांसद सिंह ने दमोह नाका में नगर निगम के सफाई कर्मियों का सम्मान किया।


प्रधानमंत्री के आह्वान पर आगे आ रही जनता


 राकेश सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी, अमित शाह एवं कार्यकारी अध्यक्ष  जेपी नड्डा ने गांधी जी के विचारों को जन जन तक पहुंचाने के लिए जो आव्हान किया था, उसे प्रदेश में भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। गांधीजी के विचारों पर मोदी सरकार जो काम कर रही है, उसको लेकर समाज के भीतर सदाशयता स्थापित करने में यह यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे विश्वसनीय नेता नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर देश की जनता उनका अनुसरण कर रही है, यह महत्वपूर्ण है। हम संकल्प यात्रा के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का आव्हान कर रहे हैं, जिसे जनता ने भरपूर समर्थन दिया है। 


कागजी घोषणाएं कर रही कांग्रेस सरकार


 प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को अभी तक कांग्रेस सरकार से कोई लाभ नहीं हुआ है। प्रदेश में केवल कागजी घोषणाएं हो रही हैं। कमलनाथ सरकार भाजपा सरकार द्वारा किए गए कामों का लोकार्पण कर श्रेय लेने का काम कर रही है। प्रदेश में किसी जनकल्याणकारी योजना पर अमल नहीं हो पाया है,  यह दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो गरीबोन्मुखी योजनाएं प्रदेश में लागू की थीं, उन्हें बंद कर दिया गया है। यह सरकार सिर्फ तबादला उद्योग में लगी है।


काम किए हैं, तो किस बात का डर


प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि प्रदेश में निकाय चुनाव लोकतांत्रिक पद्धति से होना चाहिए, यह भारतीय जनता पार्टी की मांग है। अप्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव कराने पर खरीद-फरोख्त को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पता है कि अगर वे प्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव कराते हैं, तो जनता उन्हें अस्वीकार कर देगी। सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अगर अच्छे कार्य किए हैं,  तो उसे जनता के बीच जाने में किस बात का डर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार कमजोर नेतृत्व वाली लाचार सरकार है, जो आपसी अर्न्तकलह से घिरी हुई है। यात्रा में नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, विधायक सुशील तिवारी इंदु, अशोक रोहाणी, महापौर डॉ स्वाति गोडबोले, पूर्व मंत्री शरद जैन, यात्रा समन्वयक पूर्व महापौर प्रभात साहू, आशीष दुबे, सदानंद गोडबोले, डॉ जितेंद जामदार, सुमित्रा वाल्मीकि, संदीप जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।