दिव्यांगजनो को सशक्त करने के लिए परिवहन निगम 200 स्टाल स्थापित करेगा

 

 

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने दिव्यांगजनो के समाज को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए ''दिव्यांग एक उम्मीद'' संस्था के सहयोग से पूरे प्रदेश में परिवहन निगम के बस स्टेशनों पर कुल 200 स्टाल स्थापित करने का संकल्प लिया है।
''दिव्यांग एक उम्मीद'' संस्था  दिव्यांग के हितों के लिए कार्य करती है। इस संस्था को उत्तर प्रदेश सरकार ने दिनांक 03 दिसम्बर, 2019 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार दिये जाने का निर्णय लिया है।
ये स्टाल दिव्यांगों से सम्बन्धित एवं उनके द्वारा निर्मित खाद्य एवं उपयोग सामग्री की बिक्री करेगी। परिवहन निगम की बस स्टेशनों पर स्थापित किये जाने वाले 200 स्टालों में से 25 प्रतिशत स्टाल उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के संचालन के दौरान दुर्घटना के फलस्वरूप निःशक्त हुए यात्रियों के लिए आरक्षित होंगे। शेष स्टालों में से 50 प्रतिशत पुरूष दिव्यांगजनों एवं 50 प्रतिशत महिला दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित रहेंगे। यह स्टाल जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं सम्बन्धित क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबन्धक द्वारा न्यूनतम मासिक दरों पर आंवटित किए जायेंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए बुधवार  को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने   पिंकी राजपूत (दिव्यांग) को कैसरबाग बस स्टेशन पर स्टाल आवंटित किया, जिसका लोकार्पण  स्वतंत्र देव सिंह,  एवं अशोक कटारिया,  परिवहन मंत्री,  के कर कमलों से किया गया।
इस स्टाल के लोकार्पण के अवसर पर संजीव सरन,  अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम,  राजेश कुमार सिंह, प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, डॉ0 राज शेखर, प्रबन्ध निदेशक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम एवं परिवहन निगम के अधिकारी एवं संस्था के संस्थापक विकास गुप्ता उपस्थित रहे।