सरकार की हालत जलते हुए रोम जैसीः राकेश सिंह


जबलपुर/भोपाल। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार जनता से किए गए अपने वादे पूरे करना तो दूर, किसानों पर यूरिया के लिए लाठियां बरसा रही है। अन्नदाता मंडियों में अनाज के ढेर लगाकर कड़ाके की ठंड में खुले में सो रहा है, उसकी धान खरीदी नहीं हो रही है। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार चाहती है कि किसान हताश होकर वापस लौट जाएं। आज प्रदेश सरकार की स्थिति इस प्रकार है, जब रोम जल रहा था और नीरो चैन की बंसी बजा रहा था। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ यह बताएं कि जब कांग्रेस ने, राहुल गांधी ने, प्रदेश की जनता से इतने सारे वादे किए थे, तब आपने उनसे पूछा था कि इनके लिए पैसा क्या केंद्र सरकार पैसा देगी ? पूरा साल यही करते निकाल दिया।


भ्रष्टाचार के लिए कर्ज ले रही प्रदेश सरकार


मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार लगातार कर्ज ले रही है। उन्होंने कहा कि कर्ज का सदउपयोग जनता के हितों के लिए होना चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार कर्ज लेकर पैसे का उपयोग उन कार्यों में कर रही है, जिनमें भ्रष्टाचार हो सकता है। उन्होंने कहा कि  यह सरकार पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त है, पूरा मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में लिप्त है। सरकार केवल ऐसे कार्यों को बढ़ावा दे रही है, जिनसे सत्ता में बैठे इनके लोगों के आर्थिक लाभ सधते हैं। प्रदेश में किसान से लेकर आम आदमी तक अपनी छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए तरस रहे हैं। विकास के सारे काम ठप्प हैं। न तो किसान का कर्जा माफ हो रहा है, न ही पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है, न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिल रहा है। इस सरकार ने गरीबों के उपचार के लिये शुरू की गई योजनाएं भी बंद कर दी हैं। दवाईयों के लिए भी गरीब आदमी तरस रहा है। उन्होंने कहा हम गौरवान्वित हैं कि नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना प्रारंभ की, जिससे बीमारी में 5 लाख तक की राशि इलाज के लिए मिल जाती है। लेकिन इस सरकार ने उस योजना को लागू नहीं किया और मध्यप्रदेश में गरीब आदमी की स्थिति क्या हो रही है, यह सोच कर भी तकलीफ होती है।


विकास कार्यों में रोड़े अटका रही कमलनाथ सरकार


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश सरकार स्वयं तो विकास के काम करती नहीं है, केंद्र से स्वीकृत कार्यों को रोकने का काम कर रही है। जबलपुर में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर बनना है, मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी रिंग रोड जबलपुर में बनना है, केंद्र सरकार द्वारा भेड़ाघाट में साइंस सेंटर स्वीकृत किया गया है, प्रदेश सरकार इन सभी कार्यों को रोकने में लगी हुई है। कांग्रेस को लगता है कि ऐसे विकास कार्यों को होने से रोक लेंगे तो आने वाले समय में प्रदेश में मजबूत हो जाएंगे, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम कि जबलपुर हो या मध्यप्रदेश, जनता सभी के कामों को बारीकी से देख रही है। इसका दुष्परिणाम कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा और जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का बढ़ता हुआ आक्रोश कमलनाथ और उनके मंत्रियों को दिखाई नहीं दे रहा है, इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता है।


 


प्रदेश अध्यक्ष ने दी वर्ष 2020 की शुभकामनाएं


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने प्रदेश के नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्ष 2020 की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा जताई है कि आने वाले साल में मध्यप्रदेश प्रगति और खुशहाली की तरफ कदम बढ़ाएगा। राकेश सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि 2020 में मध्यप्रदेश प्रगति और खुशहाली के उस मकाम की ओर आगे बढ़े, जहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश को छोड़कर गई थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विकसित हो, स्वस्थ हो, प्रगति की दौड़ में आगे बढ़े, इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और सभी इसमें अपने-अपने हिस्से का योगदान सभी दें। सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही बहुत अधिक संवेदनशील रही है। जब-जब प्रदेश के विकास की बात आई है, जनता ने अपना सकारात्मक सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में है और हमारी कोशिश रहेगी कि जनता से जुड़े मुद्दे लेकर हम आगे बढ़ते रहें, संघर्ष करते रहें। उन्होंने कहा कि हम किसान, युवा, बेरोजगार, माताओं-बहनों और प्रदेश की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था के लिए लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी जनता के हितों की अनदेखी होगी, वहां भारतीय जनता पार्टी जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सड़कों पर खड़ी रहेगी।