मृतक धनप्रसाद की पत्नी के जख्मों पर नमक लगा रही कांग्रेसः राकेश सिंह


भोपल। दलित युवक धनप्रसाद को सागर में जिंदा जला दिया गया। कांग्रेस की सरकार को उसकी पत्नी की मदद करनी चाहिए थी, लेकिन इसकी बजाय कांग्रेस उसे राजनीति का मोहरा बनाकर उसके जख्मों पर नमक लगा रही है। कांग्रेस मृतक धनप्रसाद की लाश पर तो राजनीति कर ही रही है, उसकी पत्नी जख्मों पर नमक छिड़क रही है। स्व. धनप्रसाद की पत्नी पूजा मंगलवार को सागर में भाजपा द्वारा आयोजित धरने में स्वेच्छा से शामिल हुई थी। उन्होंने स्वयं यह कहा है कि मेरे पति का अपमान किसी ने नहीं किया, बल्कि भाजपा ने तो उनका सम्मान किया है।  यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही।


लाशों पर राजनीति कर रही कांग्रेस


  राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने कभी यह उम्मीद नहीं की होगी कि उसे ऐसे दिन भी देखना पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सागर में जो कुछ भी घटा है, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ये केवल इसीलिए हुआ है कि क्योंकि एक संप्रदाय विशेष के लोगों ने एक दलित व्यक्ति की हत्या की और वोट बैंक खराब न हो,  इसलिए इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा जब इस मुद्दे को उठाती है, तो हमारे विधायक और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करने की कोशिश होती है।  सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने तो मृतक धनप्रसाद की गर्भवती पत्नी को ही पार्टी बना दिया है और लाशों पर भी राजनीति कर रही है।  सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार को तत्काल मृतक धनप्रसाद अहिरवार की पत्नि को 25 लाख रूपए और सरकारी नौकरी देना चाहिए और जितने भी लोग इस हत्याकांड में शामिल हैं, उन्हें फांसी दिलाने के लिए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करना चाहिए।


सीएए पर कांग्रेस के फैलाए भ्रम को दूर करेंगे अल्पसंख्यक नेता


 राकेश सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यकों के बीच में कांग्रेस द्वारा सीएए को लेकर जो भ्रम फैलाया जा रहा है, जिस तरह से लोगों को भयभीत किया जा रहा है, उसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक वर्ग के प्रमुख नेताओं में आक्रोश है। सभी ने यह तय किया है कि वे अल्पसंख्यक समाज के बीच जाएंगे और कांग्रेस अपने निहित स्वार्थो के लिए जो भ्रम फैला रही है,  उसे दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून अब लागू हो चुका है। यह संविधान का अंग बन चुका है। अब इसको लेकर कोई क्या राय रखता है, वह अर्थहीन है।


सरकार से दलित युवक की मौत का हिसाब मांगेगी भारतीय जनता पाटी: राकेश सिंह


पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ कांग्रेस ने की राजनीति


सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले दिन से यह कहती आयी है कि कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के भाईयों को आरक्षण के नाम पर भ्रमित करने की कोशिश की है। इसके लिए उन्होंने बिना किसी तैयारी के पिछड़े वर्ग के  लिये आरक्षण कर दिया और खुद ही उस पर कोर्ट में मामला लगवाया,  ताकि वह कोर्ट में वह चैलेंज हो और टिक न पाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फिर से मध्यप्रदेश के एक बड़े वर्ग को भ्रम में डालकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास किया है, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद कांग्रेस की ये रोटियां सिक नहीं पा रही हैं। 


जो करना था, वह नहीं कर पाए मुख्यमंत्री


राकेश सिंह ने कहा कि कमलनाथ जी को किसानों का कर्जा माफ करना था,  युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देना था, भीषण बारिश से प्रभावित लोगों को मुआवजा देना था। उन्हें केन्द्र सरकार द्वारा तय किसान सम्मान निधि का फायदा दिलवाकर प्रदेश के किसानों के खातों में वह राशि पहुंचानी थी। प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरूस्त करना था, तबादला उद्योग को रोकना था। मुख्यमंत्री को स्वयं अपने मंत्रिमंडल और विधायकों द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार को रोकना था।