लखनऊ में कोरोना के नये मिले 55 मरीजों ने बढ़ायी मुश्किल!  अब 17 क्षेत्र हॉटस्पॉट घोषित हुए


मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को रिकॉर्ड 55 कोरोना संक्रमित केस पाये गये, इनमें 54 पुरुष व एक महिला है। अब लखनऊ के मरीजों की संख्त 163 हो गयी। इसमें 48 लोग तबलीगी जमात से जुड़े शामिल हैं।मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ नरेन्‍द्र अग्रवाल की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार आज लखनऊ में भर्ती अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती मरीजों की आयी प्राप्त रिपोर्ट में 55 पॉजिटिव रोगियों में 48 तबलीगी जमात के हैं। इनमें 11 सहारनपुर के, 6 राजस्थान, 13 आसाम, 16 दिल्ली, 1 झारखंड तथा 1 अंडमान (कुल 48) के रहने वाले हैं। इनके अलावा 2 नयागांव नजीराबाद, 3 तोपखाना सदर कैंट, 2 कसाइवाड़ा सदर कैंट के हैं। इस प्रकार अगर पूरे उत्‍तर प्रदेश की बात करें तो कुल पॉजिटिव केसों की संख्‍या 974 पहुंच गयी है। अब तक 28484 की जांच हुई जिनमें 27262 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। कोरोना से ग्रस्‍त लोगों में बीते 24 घंटे में 30 और स्‍वस्‍थ हुए लोगों को डिस्‍चार्ज किया गया, इस प्रकार कुल डिस्‍चार्ज हुए रोगियों की संख्‍या 112 हो गयी है, इसमें सर्वाधिक ठीक होने वाले मरीज 38 नोएडा से हैं, जबकि मेरठ से 15, आगरा से 13, गाजियाबाद के 7, लखनऊ, बरेली व महाराजगंज से 6-6, हाथरस, बस्ती व लखीमपुर से 4-4, प्रतापगढ़ के 3, पीलीभीत के 2 तथा कानपुर, शामली, मुरादाबाद, प्रयागराज से 1-1 मरीज शामिल हैं। लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग अन्तर्गत घोसियाना से एक 45 वर्षीय फल विक्रेता में कोरोना पॉजीटिव मिला। पॉजीटिव रिपोर्ट मिलते ही क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गयी। यह युवक तोपखाना मुहल्ले में फल का ठेला लगाता था वहां के 80 घरों के लोगों को कोरिनटाइन कर दिया गया। लखनऊ में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की संख्या बढ़ाने के साथ लॉकडाउन के पालन में और शख्ती की जायेगी। आज राजधानी में शनिवार को तीन और हॉटस्पॉट बढ़ गए। इनमें यूपी के सबसे बड़े हॉटस्पॉट से सटा सदर इलाके का तोपखाना, हाता रामदास और तेलीबाग स्थित राजीव नगर घोसियाना शामिल हैैं। तीनों इलाकों को पुलिस ने सील कर दिया है। वहीं, सेना ने भी चौकसी बढ़ा दी है। अब राजधानी में कुल 17 हॉटस्पॉट क्षेत्र हो गए हैं।