मुंबई में फंसे प्रवासी मजदूरों की मदद में यूपी कैडर के दो महाराष्ट्रीयन अफसर तैनात



  • जारी दोनों नंबर अति व्यस्त, जिसका फोन लगे वो भाग्यशाली समझे



मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को जमा हुई हजारों की भीड़ को जिसने भी देखा दंग रह गया। अफवाह की आग ऐसी फैली की कोरोना की दहशत भी काफूर हो गई। ये आग किसने फैलाई फिलहाल ये जांच का विषय है। इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अपने कामगार मजदूरों की मदद का एलान किया। सरकार की तरफ से मुम्बई में फंसे मजदूरों की मदद के लिए दो अफसर नियुक्त किये गए हैं। योगी सरकार ने आईएएस नितिन रमेश गोकर्ण और आईपीएस एसबी शिरोडकर को मजदूरों की मदद के लिए नियुक्त किया है। ये दोनों ही अफसर मुम्बई या महाराष्ट्र में फंसे किसी भी शख्स की मदद करेंगे। सरकार ने दोनों के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं। इसके मुताबिक आईएएस नितिन रमेश गोकर्ण का मोबाइल नंबर- 9968885979 और एसबी शिरोडकर IPS : 9454400177 है। इन दोनों नंबरों पर पीड़ित शख्स किसी भी वक्त संपर्क कर सकता है। हालांकि दोनों नंबर इतने व्यस्त हैं कि इन पर बात करना आसान नहीं है। सामना ने 9454400177 पर फोन करने का अनेक प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो पायी। एक बार रिंग भी गया तो उठा नहीं और न ही मिस कॉल का कोई जवाब आया। जबकि 9968885979 व्यस्त ही मिला। इसे संयोग माने या सफेद हाथी।