हम लोगों को घर, अनाज और धंधे के लिए दिलवाते हैं पैसा, ये लहराते हैं काले झंडे : शिवराज सिंह चौहान


 



  • राहुल गांधी, कमलनाथ और दिग्विजय ने जनता से गद्दारी कीः सिंधिया

  • शिवराज की संवेदनशीलता का कायल है मध्य प्रदेश : तोमर


 


 भोपाल। हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने आज उन 1.75 लाख परिवारों को गृह प्रवेश कराया है, जिनके घर प्रधानमंत्री आवास योजना में स्वीकृत हुए हैं। हम लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए उन्हें आवास दिलवाते हैं और इन काले दिल वालों को देखिए, ये काले झंडे लहराते हैं। हम बेटियों की शादी करवाते हैं, ये काले झंडे लहराते हैं। कमलनाथ ने सस्ते अनाज की योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया था, अब हम 16 तारीख से फिर उस योजना को शुरू कर रहे हैं। हम लोगों को 1 रुपये किलो गेहूं दिलवाते हैं, ये काले झंडे लहराते हैं। हम लोगों को काम धंधे के लिए पैसे दिलवाते हैं, ये काले झंडे लहराते हैं। यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मुरैना, सुमावली विधानसभा के छैरा और जौरा विधानसभा के कैलारस में सैकड़ों करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में कही। समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर एवं वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया।


 


बोरानाथ बन गए थे कमलनाथ


 


                चौहान ने कहा कि कमलनाथ के पास जब जनता या जन प्रतिनिधि मिलने जाते थे, तो उनके पास समय नहीं होता था। लेकिन जब कोई ठेकेदार आता था, तो कहते थे आने दो, आने दो, बोरे भर-भरकर नोट आने दो। तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ बोरानाथ बन गए थे। जब उनके करीबी के यहां छापा पड़ा, तो बोरे भर-भरकर नोट निकले। जो जनता का अपमान करे, भ्रष्टाचार करे, क्या उसे मुख्यमंत्री रहना चाहिए? सिंधिया और उनके साथियों ने उस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंका। कांग्रेस की जब सरकार बनी, तो लोगों की उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री ग्वालियर से ही बनेगा, लेकिन कांग्रेस ने किसी और को मुख्यमंत्री बना दिया। भाइयो-बहनो यह कांग्रेस की गद्दारी थी कि नहीं? कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हमारी सारी योजनाएं बंद कर दीं, ये गद्दारी थी कि नहीं? कमलनाथ सरकार ने भांजे-भांजियों की फीस बंद कराकर उनके साथ गद्दारी की, बहनों के लड्डू बंद करके उनके साथ गद्दारी की और गरीबों से कफन के पैसे छीनकर उनके साथ भी गद्दारी की। 


 


भाजपा को आशीर्वाद दें, हम विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे


 


                मुख्यमंत्री चौहान ने मुरैना में चंबल का पानी लाने की योजना की घोषणा करते हुए कहा कि इस योजना के लिए करीब 135 करोड़ का एस्टीमेट बना है और हम मुरैना में चंबल का पानी लाएंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री तोमर की मांग पर मुरैना मेडिकल कॉलेज खोले जाने और पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटलजी के नाम पर सर्वसुविधायुक्त सभागार बनाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस अंचल में पहले भी जो विकास हुआ है, वो भाजपा सरकार ने किया है और हम ये वादा करते हैं कि आगे भी इस क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। लेकिन ये काम तभी हो सकते हैं, जब हमारी सरकार रहेगी। उन्होंने कहा कि आप आने वाले चुनाव में भाजपा को आशीर्वाद दें, हम इस क्षेत्र की तस्वीर और लोगों की तकदीर बदल देंगे।


 


भाजपा है, तो ही हो सकता है विकासः नरेंद्रसिंह तोमर


 


                केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि आज हम लोगों के लिए बड़ी खुशी का दिन है, मुख्यमंत्री चौहान 268 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सवा साल के शासन में इस क्षेत्र में एक भी भूमिपूजन नहीं हुआ, न कभी मुख्यमंत्री यहां आए। सवा साल के उस दौर में प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि करने लगी थी। इसी बीच सिंधिया जी और उनके साथियों ने प्रदेश के भविष्य को संवारने के लिए इस्तीफे दिये और भाजपा की सरकार बनी, शिवराज मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 2003 के पहले की स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि न गांवों में सड़कें थीं, न बिजली आती थी। भाजपा की सरकार आने के बाद सड़कें बनीं। सब स्टेशनों का जाल बिछाया गया। अब रात में भी बिजली मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही मुरैना को नगर निगम बनाया, एम.एस.रोड का उन्नयन किया, ए.बी.रोड पर पुल बनाया, नया कलेक्ट्रेट और शहीद स्मारक बनाया। स्पष्ट है कि अगर भाजपा है, तो विकास है और भाजपा नहीं है, तो विकास भी नहीं होता। उन्होंने कहा कि लोग सरपंच के पद से भी इस्तीफा देने में आनाकानी करते हैं, लेकिन सिंधिया जी के साथियों ने प्रदेश को बचाने के लिए विधायकी से इस्तीफा दे दिया। ऐसे में हमारा फर्ज है कि उन लोगों को आशीर्वाद दें, भाजपा की सरकार को आशीर्वाद दें।


 


शिवराज की संवेदनशीलता का कायल है प्रदेश


                 तोमर ने कहा कि शिवराज ऐसे नेता हैं जो गांव, गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और बेटियों के सम्मान के लिए जीते हैं और उनके लिए राजनीति करते हैं। तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश शिवराज की नीतियों और उनकी संवेदनशीलता का कायल है। प्रदेश के बुजुर्ग उनकी तीर्थदर्शन योजना के कायल हैं, तो बेटियां कन्यादान योजना की और बच्चे उनकी शिक्षा योजना के कायल हैं। तोमर ने कहा कि शिवराज जी सरकार स्थायी होगी, तो भाजपा मजबूत होगी और भाजपा मजबूत होगी तो मोदी जी की ताकत बढ़ेगी और देश चाइना, पाकिस्तान समेत उन सभी को मुंहतोड़ जवाब दे सकेगा, जो हमारी तरफ आंख उठाकर देखेंगे।


 


 


 


                 सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंच से कहा था कि 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ होगा, नहीं तो 11 वें दिन मुख्यमंत्री बदल देंगे। हमने 10 महीने तक इंतजार किया। वादा करके भूल जाना ही गद्दारी है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने जनता के साथ गद्दारी की है। कमलनाथ ने कहा था बेटियों की शादी के लिए 51 हजार रूपए देंगे, लेकिन किसी बेटी को रुपये नहीं मिले। ये महिलाओं, बेटियों के साथ विश्वासघात है, गद्दारी है। नौजवानों को 4 हजार रूपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन किसी नौजवान को नहीं दिया। ये नौजवानों से गद्दारी है। ऐसी सरकार जो जनता से गद्दारी कर रही थी, हमने उसे धूल चटाई है। इन 20 विधायकों ने जनता की सेवा के लिए अपने पद छोड़ दिए। उन्होंने कहा कि एक वो कमलनाथ की सरकार थी, जिसने विकास को व्यापार बना दिया और एक यह कमल की सरकार है, जिसने कमाल करके दिखा दिया। आने वाला चुनाव भाजपा-कांग्रेस का चुनाव नहीं है। यह जनता की प्रगति का चुनाव है। इसलिए विकास करने वालों को अपना आशीर्वाद दें।


 


जिनके दिल काले होते हैं, वही काले झंडे दिखाते हैं


 


                 सिंधिया ने कहा कि जिनके दिल काले होते हैं, वहीं काले झंडे दिखाने आते है। जो जनता से किए गए वादे भूल गए, हर वर्ग से विश्वासघात किया। ऐसे कौरवों को जब हमने जमीन पर ला दिया, तो उनका काला दिल काले झंडे के रूप में बाहर आ रहा है। उन्होंने कहा कि हम काले झंडे वालों का स्वागत करते हैं। हमें काले झंडों से फर्क नहीं पड़ता। ये जितने काले झंडा दिखायेंगे, जनता इनको उतनी ज्यादा समझेगी और इनकी काली करतूतें उतनी ज्यादा जनता के सामने आएंगी।


 


इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, सांसद संध्या राय, जिलाध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता, महापौर अशोक अर्गल, पूर्व विधायक गजराजसिंह सिकरवार, गीता हर्षाना, मुंशीलाल, परसराम मुदगल, केदार सिंह यादव सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।