भाजपा नेताओं ने जताया आगरा हादसे पर दुख


भोपाल।मध्य प्रदेश के भाजपा  नेताओं ने उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मिक शांति की कामना की है।


                उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस वे से गुजर रही एक बस नाले में जा गिरी, जिससे 29 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक दुर्घटना पर प्रदेश के भाजपा नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य नेताओं ने दुख जताया है। नेताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के साथ एकजुटता प्रदर्शित की है।


उप मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री ने जाना घायलों का हाल


                पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैं उत्तर प्रदेश के आगरा में हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें और जिन्होंने अपनों को इस हादसे में खोया, उन्हें संबल प्रदान करें। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद  राकेश सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के आगरा में सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना करता हूँ। संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा है कि बस हादसे में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का हताहत होना चिंतनीय एवं दुखद है। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई बस दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। हादसे में मरने वालों के प्रति मैं शोक व्यक्त करता हूँ। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।