सदस्यता अभियान को चुनौती के रूप में स्वीकार करें : शिवराज सिंह चौहान

सदस्यता अभियान को चुनौती के रूप में स्वीकार करें : शिवराज सिंह चौहान



                भोपाल। सदस्यता अभियान से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस अभियान को एक चुनौती के रूप में स्वीकार करें। पहले से तैयारी करें और व्यापक स्तर पर तैयारियां करें। बिना किसी भेदभाव के हर कार्यकर्ता को इस अभियान से जोड़ें। मुझे आशा है सभी कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे और पार्टी इस बार सदस्यता का नया इतिहास रचेगी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री, पार्टी के उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने सदस्यता अभियान से संबंधित ऑडियो कांफ्रेंसिंग में अभियान के प्रदेश प्रभारियों एवं सह प्रभारियों को संबोधित करते हुए कही। ऑडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा एवं संगठन महामंत्री रामलाल ने भी संबोधित किया।


बूथों पर पांच पौधे रोपकर करें शुरुआत


                सभी राज्यों के प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारियों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी के मूलमंत्र 'सर्व स्पर्शी भाजपा, सर्वव्यापी भाजपा' को ध्यान में रखें। कोई वर्ग, कोई मोहल्ला, कोई बस्ती छूटे न इसका ध्यान रखें। कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान दें। मंडल की बैठकों में शक्ति केंद्र स्तर के दो कार्यकर्ता जरूर शामिल हों, ताकि हर बूथ पर यह अभियान पूरी ताकत से चल सके। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप जब किसी बूथ पर सदस्यता अभियान की शुरुआत करें, तो उससे पहले पांच पौधे रोपें और स्थानीय बुजुर्ग कार्यकर्ताओं का सम्मान करें।


प्रदेश में भी नेता और जनप्रतिनिधि करें अभियान की लांचिंग


                अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 6 जुलाई को वाराणसी में एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तेलंगाना में सदस्यता अभियान की लांचिंग करेंगे। इसी तरह हर प्रदेश में अभियान की लांचिंग की योजना बनाई जाए। पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, सांसद आदि अलग-अलग जगहों पर अभियान की लांचिंग करें। इसके लिए पहले से  व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। सोशल मीडिया पर भी लोगों से संपर्क किया जाए।


पूरी तैयारी से चलाएं विशेष अभियान


                 चौहान ने कहा कि सदस्यता के विशेष अभियान के लिए पहले से तैयारी और चर्चा कर लें। इसके अंतर्गत अलग-अलग जगहों, सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सदस्यता दिलाएं। रोड शो आयोजित करें। समाज के अलग-अलग वर्गों को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाएं। पार्टी के जनप्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के विशिष्ट व्यक्तियों, खिलाड़ियों, अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिभावान व्यक्तियों की सूची अभियान से पहले तैयार कर लें और उन्हें पार्टी से जोड़ें। चौहान ने कहा कि मन में यह भाव रखकर लोगों से संपर्क करें कि हम उस भाजपा के कार्यकर्ता हैं, जिसने सारी दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। लक्ष्य जरूर हासिल होगा और हम सदस्यता का नया इतिहास रचेंगे। 


                इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्यता प्रभारी डॉ. अरविन्द भदौरिया, सह प्रभारी कैलाश जाटवा, प्रदेश कार्यालय मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, आईटी विभाग के संयोजक शिवराज सिंह डाबी उपस्थित थे।