जबलपुर। अमित शाह नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 12 जनवरी को दोपहर 1 बजे जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में विशाल जनसमर्थन सभा को संबोधित करेंगे। शाह की सभा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने सभा स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। नेताद्वय के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत, संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ उपस्थित थे।
घर-घर शराब परोसने में लगे हैं कमलनाथः राकेश सिंह
इस अवसर पर राकेश सिंह ने कहा कि विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली सभा परिसर का नाम विवेकानंद परिसर रखा गया है। जनसमर्थन सभा में सात प्रवेश द्वार बनाए गए है, जिसमें गिरिराज किशोर कपूर द्वार, सुभाषचन्द्र बेनर्जी द्वार, मनोहर राव सहस्त्रबुद्धे द्वार, बाबूराव परांजपे द्वार, ईश्वरदास रोहाणी द्वार, शिवप्रसार चनपुरिया द्वार, ओमकार प्रसाद तिवारी द्वार है। राकेश सिंह एवं सुहास भगत ने व्यवस्था प्रभारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिये। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर जबलपुर की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।