भारत माता को परमवैभव पर पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं : राकेश सिंह


                भोपाल। देश में अनेक राजनैतिक दल है, जो किसी परिवार विशेष अथवा व्यक्ति विशेष के आधार पर काम करते हैं, लेकिन हम राष्ट्रवाद के विचार को साथ लेकर भारत माता को परमवैभव पर पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो विचार दिया, उस विचार पर केन्द्र एवं प्रदेशों की भाजपा सरकारें चल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के माध्यम से अंत्योदय के मंत्र को साकार करने का काम किया है। सदस्यता अभियान उसी विचार को विस्तार देने का महत्वपूर्ण अभियान है। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश स्तरीय विस्तारक प्रशिक्षण कार्यशाला मे प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में शुक्रवार को सदस्यता अभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय विस्तारक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गयी। 



अपने हिस्से का सर्वश्रेष्ठ योगदान दे हर कार्यकर्ता



                प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि अभियान में हम जिन लोगों को सदस्य बनायेंगे, उनसे ही कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा। इस दृष्टि से आने वाले कल और भारत मां को परमवैभव पर पहुंचाने के लिए अपने-अपने हिस्से का सर्वश्रेष्ठ योगदान हमें देना है। प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता अभियान के करणीय कार्यो के बारे में बताते हुए कहा कि हमारी वैचारिक यात्रा गौरवशाली है। सदस्यता अभियान में जब हम नए सदस्यों को बनाए तो उन्हें जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा के बारे में अवश्य बताएं। देश के नवनिर्माण के लिए भारतीय जनता पार्टी कार्य कर रही है।


जनता के साथ आधिकारिक धोखा है सरकार का बजट : राकेश सिंह



प्रत्येक बूथ पर बने 100 सदस्य



                 राकेश सिंह ने कहा कि 17 से 20 जुलाई के बीच प्रदेश के सभी जिलों में कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यशाला के साथ ही हमारा कार्य शुरू हो जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में हम अलग-अलग दायित्वों पर कार्य कर रहे है, लेकिन मूल रूप से हम सभी कार्यकर्ता है। अभी तक हमने जितने भी काम किए है उनमें सदस्यता अभियान सर्वश्रेष्ठ कार्य है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सांसद, विधायक, नगरीय निकाय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत, महापौर एवं सभी जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक नेतागण भी विस्तारक के रूप में बूथ पर पहुंचेंगे। उन्होंने सदस्यता अभियान को पवित्र और प्राथमिक कार्य बताते हुए कहा कि सदस्यता अभियान को परिणाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। जिलों में जो लक्ष्य निर्धारित किए है, परिश्रम के बूते वे लक्ष्य भी छोटे पर जाए।   



सदस्यता अभियान का केन्द्र बिन्दु पोलिंग बूथ



                कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री  सुहास भगत ने कहा कि सदस्यता अभियान का केन्द्र बिन्दु पोलिंग बूथ है। अभियान के माध्यम से हमें विस्तार करना है। जो वर्ग हमसे अछूते हैं और बीते चुनाव में जिन पोलिंग बूथों को हम हारे है उन्हें चिन्हित करें और विशेष सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करें। उन्होंने ग्राम केन्द्र और नगर केन्द्र तक विस्तारक बनाए जाने की बात करते हुए कहा कि अभियान में निकलने वाले विस्तारक बूथवार योजना बनाकर काम करें। कमजोर बूथ पर कम से कम 100 सदस्य एवं ऐसे पोलिंग बूथ जिन्हें हमेशा जीतते आए है उनकी विशिष्ठ योजना बनाएं। उन्होंने पोलिंग बूथ पर सदस्यता में हर वर्ग के समावेश की बात की।  भगत ने कहा कि बूथ पर रहने वाले सामाजिक संगठनों के लोग डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, समाज के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन और विशिष्ठ व्यक्तियों को सदस्यता अभियान के माध्यम से जोड़ने का काम करें।  


इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी डॉ. अरविन्द भदौरिया, प्रदेश महामंत्री व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बंशीलाल गुर्जर, मनोहर उंटवाल, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, सदस्यता प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिलों में आयोजित कार्यशाला में जाने वाले प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।