हमें सभी के पास जाना है : राकेश सिंह


भोपाल। लोग चाहे दूरस्थ हों, तटस्थ हों, या निकटस्थ हों, हमें सभी के पास जाना है। जो दूरस्थ हैं, वह हमें जानेंगे और हमारे करीब आएंगे। जो तटस्थ हैं, वह सदस्य बनेंगे। और जो हमारे निकटस्थ हैं, अर्थात जो पूर्व से ही सदस्य बने हुए हैं, वह श्रेष्ठ कार्यकर्ता बनने की ओर अग्रसर होंगे। हजारों लाखों लोग आपके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, आपको उनका दरवाजा खटखटाना है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने रविवार को ऑडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, जिला सदस्यता प्रभारी, सह प्रभारी, संभाग सदस्यता प्रभारी, जिला सदस्यता प्रभारी, विस्तारक, नगर एवं ग्राम केंद्र पालक, संयोजकों को संबोधित करते हुए
 कहा कि पूरे देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश में भी हम संगठन पर्व के तहत सदस्यता अभियान चला रहे हैं।  भारतीय जनता पार्टी में सदस्यता अभियान को सबसे महत्वपूर्ण कार्य माना गया है, क्योंकि हम आंतरिक लोकतंत्र में विश्वास करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि आंतरिक लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब समाज के विभिन्न वर्गों के, विभिन्न व्यवसायों के, विभिन्न गुणधर्म के नागरिक भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बनें और आने वाले दिनों में श्रेष्ठ कार्यकर्ता के रूप में उनका निर्माण हो सके।
जब तक भाजपा मजबूत, तब तक भारत मजबूत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम ऐसा मानते हैं कि हम रहें ना रहें, भारतीय जनता पार्टी रहना चाहिए। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी जब तक रहेगी तब तक भारत मजबूत रहेगा, इसमें कोई दूसरा मत हो नहीं सकता । आज हम देख रहे हैं कि जब से केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अस्तित्व में आई है तब से सारी दुनिया भारत को भाव देने लगी है । आज देश के भीतर चैतरफा विकास हो रहा है, वहीं भारत को और भारत के प्रधानमंत्री को सम्मान देने की दुनिया में होड़ लगी है। उन्होंने पूछा कि आप जानते हैं इसके पीछे मूल कारण क्या है? इसके पीछे मूल कारण है हमारा पूर्व में चलाया गया सदस्यता अभियान,  जिसके कारण देश भर में 12 करोड लोग प्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े।
प्रदेश को पहले स्थान पर लाने बहाना है पसीना
 सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष  और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सदस्यता अभियान को चुनौती के रूप में लिया है और हम सबको अपने कठोर परिश्रम के जरिए इसे पूरा करना है । उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भारत का सर्वश्रेष्ठ भाजपा संगठन लंबे समय से काम करता आ रहा है। 

 

मध्यप्रदेश ठाकरे जी, प्यारे लाल जी, राजमाता जी और पटवा जी जैसी पुण्य आत्माओं की भूमि है, जिन्होंने अपना तिल तिल गला कर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत किया है। 

इसलिए पूरे देश से अधिक सदस्यता हम मध्यप्रदेश में करें। मध्यप्रदेश टॉप-10 में पहले स्थान पर रह सके, इसके लिए हम सबको अधिक से अधिक पसीना बहाना है।
हर कोई भाजपा से जुड़ने को तैयार
 सिंह ने कहा कि समाज में भाजपा को लेकर अत्यंत अनुकूलता है। समाज का  ऐसा कोई वर्ग नहीं है जो भाजपा से जुड़ने के लिए आतुर ना हो। विशेषकर युवाओं और महिलाओं की आंखों में भाजपा को लेकर एक अलग चमक दिखाई देती है। हमें अधिक कुछ नहीं करना है, हमें किसी का मानस नहीं बनाना है। मानस पहले से तैयार है, हमें तो बस उस व्यक्ति के दरवाजे तक पहुंचना है और उसे सदस्य बनाना है।
लक्ष्य से आगे निकलने की क्षमता हमारे अंदर है
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 31 जुलाई तक हमारे विस्तारक अपना पूरा समय देकर काम कर रहे हैं। हमें भी उनके कंधे से कंधा मिलाकर काम करना है।  उन्होंने कहा कि हमें सदस्य बनाने का जो लक्ष्य मिला है और मुझे लगता है कि सर्वश्रेष्ठ संगठन होने के नाते मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता इस लक्ष्य को बढ़ा सकते हैं। हमारे अंदर ऐसी क्षमताएं हैं कि हम न्यूनतम सदस्य बनाने के लक्ष्य से कहीं अधिक आगे निकल सकते हैं।  सिंह ने कहा कि मेरी इच्छा है कि हम अपने लक्ष्य को 31 जुलाई तक ही हासिल कर लें।
भारत की जनता और भाजपा में भेद मिटा
 सिंह ने कहा कि हमें हर हाल में भारतीय जनता पार्टी को विराट रूप प्रदान करना है। यह कार्य अथक परिश्रम के बिना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के आंकड़े यह बताते हैं कि भारत की जनता और भाजपा में भेद पूरी तरह मिट चुका है । हर घर से कोई न कोई भाजपा का सदस्य बनना चाहता है । भारत के लोग अब भाजपा को आगे बढ़ाकर भारत को आगे बढ़ाना चाहते हैं।   सिंह ने कहा कि ऐसी अनुकूल परिस्थितियों में हमारा परिश्रम आने वाली कई पीढ़ियों तक भारतीय जनता पार्टी को एक सशक्त, समर्थ, सर्वसमावेशी और सर्वांगीण विकास करने वाले दल के रूप में स्थापित करेगा।