जुझारू व्यक्तित्व को यूपी भाजपा की कमान

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भाई शाह ने मंगलवार को प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उ0प्र0 भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। स्वतंत्र देव सिंह को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की जानकारी राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने अपने पत्र के माध्यम से दी। 
 स्वतंत्र देव सिंह ने 1986 में  स्वयं सेवक के रूप में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े। उन्होंने 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में कानपुर में काम करते हुए छात्रों, नौजवानों के बीच राष्ट्रवादी विचारधारा का प्रसार किया।

1991 में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के कानपुर के प्रभारी बने, जबकि 1994 में बुन्देलखण्ड क्षेत्र के युवा मोर्चा के प्रभारी के रूप में उन्होंने बड़ी संख्या में युवाओं के बीच पार्टी संगठन की पैठ बढ़ाई। वे 1996 व 1998 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। 

2001 में उन्हें उ0प्र0 भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संगठित किया।
2004 में वे उ0प्र0 विधान परिषद के सदस्य बने। साथ ही उन्हें भाजपा के प्रदेश महामंत्री का दायित्व भी दिया गया। 2004 से 2010 तक वे भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहे। जबकि 2010 से 2012 तक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। 2012 में वे फिर से पार्टी के प्रदेश महामंत्री बने और 2017 तक प्रदेश महामंत्री रहे।  2013 में वे पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी रहे। 2014 में उन्हें पार्टी का प्रदेश सदस्यता प्रमुख बनाया गया। 
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सिंह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की गरिमामयी उपस्थिति में युवा मोर्चे का राष्ट्रीय महाअधिवेशन आगरा में सम्पन्न कराया। 2002 में ही भाजपा की सीमा जागरण यात्रा (सहारनपुर, पीलीभीत बार्डर से बिहार तक) सम्पन्न कराई। आतंकवाद विषय पर संगोष्ठियां कराकर समाज में खासकर युवाओं में आतंकवाद के खिलाफ जनजागरण का अभियान चलाया। गंगा यात्रा में गणमुक्तेश्वर मुरादाबाद से बलिया तक प्रमुख संचालक रहे, 2012 में विजय संकल्प यात्रा के प्रमुख रहे, जबकि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान नरेन्द्र मोदी की रैलियों के प्रदेश प्रभारी भी रहे। 
2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाते हुए परिवहन प्रोटोकाल जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी के साथ ही ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री का दायित्व भी दिया गया। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें मध्य प्रदेश का लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाया गया। उन्होंने वर्ष 2004 में चीन, हांगकाॅग एवं सिंगापुर में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में देश का प्रतिनिधित्व किया।

स्वतंत्र देव सिंह को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए उन्हें अपनी बधाई व शुभकामनाएं दी है।