शुचितापूर्ण राजनीति को कलंकित करना कांग्रेस को महंगा पड़ेंगा


                भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की अपनी अल्पमत की सरकार को बचाने और अपने अंतर्विरोधों पर पर्दा डालने की कोशिश में प्रदेश की राजनीति को प्रदूषित किया जा रहा है, यह कांग्रेस को ही महंगा पड़ने वाला है।


                 सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश वह राज्य है जो अपने राजनीतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। लेकिन कांग्रेस पिछले कई दिनों से अपना बहुमत दिखाने के फर्जीवाड़े में व्यस्त है। दरअसल कांग्रेस के कुनबे में जो कलह है वह उसे तार-तार करने पर आमादा है। इसीलिए मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित कांग्रेस के तमाम नेता अपने आपको मजबूत और इकट्ठा दिखाने के असफल प्रयास कर रहे हैं, जो शुचितापूर्ण राजनीति के लिए कदापि उचित नहीं है। जहां तक भारतीय जनता पार्टी का सवाल है, पार्टी एकजुट है। उसके विधायक भी एकजुट हैं। कांग्रेसी कितने भी तौर तरीके अपना ले, भाजपा का कोई विधायक कांग्रेस का साथ देने वाला नहीं है। अच्छा होगा कांग्रेसी भाजपा की ओर बुरी नीयत से देखने की जगह अपने परिवार को संभाले और प्रदेश के विकास में रुचि ले। पिछले 6 महीने में सरकार बचाने की कवायद में मध्यप्रदेश का बेड़ागर्क कर दिया गया है, जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।