तबादलों से ऐसा प्रेम : राकेश सिंह

 तबादलों से ऐसा प्रेम : राकेश सिंह


 


                भोपाल। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार की स्थानांतरण नीति पर आश्चर्य व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि तबादलों से सरकार को ऐसा क्या प्रेम है कि हजारों कर्मचारियों और अधिकारियों का तबादला करने से भी उसकी भूख नहीं मिटी, तो अब वह जानवरों तक के थोकबंद तबादले करने पर उतर आई है।


            भाजपा से जुड़ने को जनता उत्साहित : राकेश सिंह


 राकेश सिंह ने कहा कि यह सही है कि पुलिस विभाग में जो स्वान होते हैं, उनके हैंडलर के साथ तबादले समय-समय पर किए जाते हैं, लेकिन तबादलों को अपना मुख्य काम बना चुकी कमलनाथ सरकार अब उनमें इतनी खो चुकी है कि उसे पुलिस के स्वान और उसके हैंडलर्स के थोक तबादले करने में भी गुरेज नहीं है। हाल ही में जिस प्रकार से अनाप-शनाप तरीके से 500 किलोमीटर तक पुलिस के स्वानों के तबादले किए गए हैं उसे देख कर सभी हैरान हैं।  सिंह ने कहा कि अभी तक प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारी ही इस तबादला नीति से त्रस्त थे, लेकिन अब जो हो रहा है उसको क्या कहा जाए ? दरअसल सरकार की रुचि विकास की योजनाएं बनाने में, जनकल्याण करने में और कानून व्यवस्था बनाए रखने में कतई नहीं है। वह केवल स्थानांतरण और स्थानांतरण कर रही है। उसी प्रवाह में उसने जानवरों के भारी-भरकम तबादले का यह निर्णय लिया है। इतना ही नहीं कमलनाथ सरकार पंच सरपंचों के भी तबादले करने लगी है। इस हिसाब से आने वाले समय में मध्य प्रदेश के पार्षदों और विधायकों को भी अपने तबादले के लिए तैयार रहना चाहिए।