अनुच्छेद 370 और 35ए हटने से कश्मीर सहित पूरे देश में उत्साहः राकेश सिंह


                जबलपुर। अनुच्छेद 370 और 35ए जम्मू-कश्मीर के देश की मुख्यधारा में शामिल होने की राह में सबसे बड़ी बाधा थी। एक देश, दो संविधान और दो निशान वाली व्यवस्था अतार्किक ही नहीं, बल्कि असंवैधानिक भी थी।  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने देश से किए गए अपने वादे को निभाते हुए अनुच्छेद 370 और 35 ए को हटाने का जो निर्णय लिया है, वह स्वागत योग्य है और इससे जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख दोनों ही राज्यों के विकास का रास्ता साफ होगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भाजपा जबलपुर महानगर के  आयोजित कार्यक्रम में कही।

                जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाये जाने पर देश भर में उत्साह का माहौल है। शनिवार को जबलपुर के कटंगा तिराहे पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के पश्चात राकेश सिंह ने शहीद भगतसिंह  की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विशेष सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष ने गोरखपुर क्षेत्र के व्यापारियों को भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनाया। इसके पश्चात सिंह ने गोरखपुर क्षेत्र से आदि शंकराचार्य चौक तक पैदल चलते हुए व्यापारियों के बीच पहुंचे और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाया। सिंह के साथ भाजपा नगर अध्यक्ष  जीएस ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष  अभिलाष पांडे, महापौर डॉ स्वाति गोडबोले भी उपस्थित थे।

राजनैतिक स्वार्थो के लिए कांग्रेस सरकारों ने धारा का दुरूपयोग किया

                सिंह ने कहा कि संविधान में अस्थायी उपबंध के तौर पर जोड़ी गई धारा 370 और 35 ए को तुच्छ राजनीतिक स्वार्थों के कारण कांग्रेस सरकारों ने न सिर्फ चलने दिया, बल्कि उन्हें कश्मीरियों का विशेषाधिकार बना दिया। वास्तव में ये दोनों ही अनुच्छेद जम्मू-कश्मीर में सामाजिक अन्याय की वजह बन गए थे। सिंह ने नरेंद्र मोदी और  अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा उनकी सरकार के एक निर्णय ने जम्मू-कश्मीर राज्य के लाखों को पूरे सम्मान से जीने का हक प्रदान किया है। अब नरेंद्र मोदी की सरकार ने इन दोनों अनुच्छेदों को हटाने का निर्णय लेकर इस भेदभाव को खत्म कर दिया है और देश के नागरिकों की दशकों पुरानी मांग को पूरा कर दिया है। इससे पूरे देश में खुशी का माहौल है।

देश के नवनिर्माण का अभियान है विशेष सदस्यता अभियान

               सिंह ने गोरखपुर क्षेत्र में विशेष सदस्यता अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व सदस्यता अभियान केवल सदस्य संख्या में वृद्धि करना या भाजपा को बड़ा आकार देने का अभियान नहीं है, बल्कि देश के नवनिर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि  नरेन्द्र मोदी और अमित शाह एवं जेपी नड्डा की लोकप्रियता और केन्द्र सरकार के लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों से देश के युवा, किसान, व्यापारी, महिलाओं का भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। इसीलिए हर वर्ग हमसे जुड़ने के लिए उत्साहित है। कार्यकर्ता हर वर्ग के बीच पहुंचकर उन्हें पार्टी के सदस्य बना रहे हैं।