अपने पापों के बोझ से खत्म हो रही कांग्रेसः शिवराज सिंह


                गुवाहाटी। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई पाप किए हैं। उसकी झोली पापों से भरी हुई है और उन्हीं पापों को कांग्रेस झेल रही है। कश्मीर के देश में विलय के समय यदि पं. नेहरू की बजाय सरदार पटेल की चली होती, तो आज पूरा कश्मीर एक होता और हमारा होता। अपने इन्हीं पापों के बोझ के चलते कांग्रेस पर अब अपना अस्तित्व बचाने का संकट आ गया है। 


मोदी सरकार ने मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाया


              प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने गुवाहाटी में पार्टी की सदस्यता अभियान संबंधी बैठक ने कहा कि दोबारा सरकार बनने के बाद  मोदी की सरकार तेजी से काम कर रही है। मोदी ने एक दिन भी आराम नही किया और पूरी टीम लगातार काम करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि तीन गलाक बैन की मांग सालों से उठ रही थी। इस मांग को आखि़रकार मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने समझा और मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाया।


कश्मीरी लोग भी थाम रहे कमल का दामन


                 चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबकी पार्टी है। हमारे मूल में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास समाहित है। भाजपा सबकी सेवा और सबके कल्याण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि कश्मीर घाटी के हमारे अल्पसंख्यक भाई-बहन बड़ी संख्या में भाजपा परिवार का हिस्सा बन रहे हैं।


घुसपैठियों को बख्शा नहीं जाएगा


                चौहान ने कहा कि एनआरसी के मामले में किसी को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह साफ है कि जिनके जीवन और सम्मान पर खतरा है, जिन्हें हिन्दुस्तान के अलावा कहीं और शरण नहीं मिल सकती, सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी। लेकिन जो घुसपैठिये, देश को तबाह और बर्बाद करने के लिए देश में घुसे हैं, उन्हें हर हाल में बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में कई जातियों, उपजातियों के शरणार्थी रह रहे हैं। उन्हें अगर बाहर किया गया, तो वे कहीं नहीं जा पाएंगे। वे यहाँ बने रहें,  इसके लिए केंद्र सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।'सिटीज़नशिप अमेंडमेंट बिल ऐसा ही प्रयास है।


अन्य दलों से अलग है भाजपा की विचारधारा


                पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है, यहाँ जो मेहनत करता है वह आगे बढ़ता है, यही कारण है कि एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन जाता है और किसान का बेटा शिवराज मुख्यमंत्री बन जाता है। उन्होंने कहा कि इंसान एक  सुखी जीवन चाहता है, जिसमें रोटी, कपड़ा मकान, रोजगार और  भयमुक्त माहौल हो। ये सभी बातें दूसरी पार्टियों ने कभी नहीं सोची। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ये सभी चीजें देश के लोगों को उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है ताकि लोगों का जीवन सुखी हो सके।