जो भाजपा से जुड़ना चाहते हैं, उन सब तक पहुंचना ही चुनौती : राकेश सिंह


   भोपाल। सदस्यता अभियान के दौरान नई सदस्यता का लक्ष्य हासिल करना हमारी चिंता नहीं है। हम प्रदेश के अधिकतर संभागों में लक्ष्य से आगे निकल चुके हैं। हमारे लिए असली चुनौती तो यह है कि जो बहुत सारे लोग अभी भी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उनके पास तक हम कैसे पहुंचें। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित भोपाल एवं होशंगाबाद संभागों की समीक्षा बैठक के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए कही।


बारिश की परेशानियों को देखकर बढ़ाई अवधि


             राकेश सिंह ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का सदस्यता अभियान उत्साहपूर्वक चल रहा है। मध्यप्रदेश में भी बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन रहे हैं। अलग-अलग संभागों की समीक्षा बैठकें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश ने देश और प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन को बाधित किया है। बारिश और बाढ़ की मुश्किलों को देखते हुए ही सदस्यता अभियान की तारीख 20 अगस्त तक बढ़ाई गई है।  सिंह ने कहा कि हर बार सदस्यता अभियान के बाद पार्टी के संगठनात्मक चुनाव होते हैं। इस बार भी होंगे और मध्यप्रदेश के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्तियां कर दी गई हैं।


लोकतंत्र की हत्या से दिक्कत नहीं, मीसाबंदियों के सम्मान में परेशानी


                 सिंह ने कहा कि देश में आपातकाल लगाया जाए, लोकतंत्र की हत्या की जाए, इससे कांग्रेस को परेशानी नहीं होती। कश्मीर में 370 चलती रहे, वहां लोकतंत्र का गला घोंटा जाता रहे, इससे कांग्रेस को परेशानी नहीं। लेकिन उन लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने में कांग्रेस को दिक्कत है, जिन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए 19 महीने जेल में काटे। इनमें से कई की तो मृत्यु भी हो गई।  सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 15 अगस्त को इन लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करती रही है और यह परम्परा रही है। लेकिन कांग्रेस सरकार को उन लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में भी दिक्कत है, जो काफी बुजुर्ग हो चुके हैं।  


कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा


                प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने प्रदेश सरकार के मंत्री जीतू पटवारी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे ये समझ नहीं आ रहा है कि कांग्रेस के लोग इतने नीचे क्यों जा रहे हैं? क्यों उनका स्तर इतने नीचे गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के इस तरह के बयान बताते हैं कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।