कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के साथ किया  सौतेला व्यवहार : शिवराज सिंह



       अगरतला। आजादी के बाद से ही कांग्रेस त्रिपुरा समेत समूचे पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार करती रही। यूपीए सरकार के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह लगातार 10 सालों तक पूर्वोत्तर से राज्यसभा सांसद रहे, लेकिन उन्होंने कभी इस क्षेत्र की परवाह नहीं की। अब मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार त्रिपुरा और पूर्वोत्तर के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में आयोजित सदस्यता अभियान संबंधी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा की इस पावन धरती पर आकर में स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूँ। आज हरियाली अमावस्या भी है, ऐसे में मां त्रिपुर सुंदरी के मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर मन को अनूठी शांति भी प्राप्त हुई।


लगातार बदल रही है त्रिपुरा की तस्वीर


       पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में पहले बहुत हिंसा होती थी। मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री बिप्लव देव जी के नेतृत्व वाली सरकार ने यहां हिंसा पर काबू किया है और नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जा रही है। मुख्यमंत्री बिप्लव देव के नेतृत्व में त्रिपुरा लगातार आगे बढ़ रहा है।  त्रिपुरा में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर सरकार तेजी से काम कर रही है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में इसकी गति और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन की असीम संभावना है, जिसे विकसित करना हमारी प्राथमिकता है और सरकार इस ओर भी विशेष ध्यान दे रही है।


भाजपा का सदस्यता अभियान अन्य दलों से अलग


        चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आने सदस्यता अभियान को कई सामाजिक सरोकारों से जोड़ा है, उनमें से एक वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा कि प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले पावन पर्व मनाने की परंपरा हमारे देश में अनंत काल से रही है। हम सब भारतवासी प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगायें और अपनी पवित्र धरा को समृद्ध करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी की आत्मा संगठन में बसती है और संगठन का आधार है सदस्यता। अब  यह स्पष्ट हो गया है कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी तेज़ी से इस दिशा में काम कर रही है और जल्दी ही निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लेगी। इसके बाद पार्टी की विस्तार को एक नया रूप मिलेगा।


त्रिपुरा के लोगों के दिलों में बस गया कमल


       चौहान ने कहा कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी जनता पार्टी ने पहले विधानसभा चुनावों में जबरदस्त प्रदर्शन किया,  फिर लोकसभा चुनावों में दोनों सीटों पर जीत हासिल की। उसके बाद पंचायत स्तरीय चुनावों में भी जनता ने दिखा दिया कि उन्हें बस कमल पर विश्वास है। पंचायत समिति और ग्रामपंचायत स्तर पर भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है और तीनों स्तर पर 95 फीसदी प्रतिनिधि भाजपा के चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मानना है 'एक त्रिपुरा श्रेठ त्रिपुरा'। 


त्रिपुरा एवं नॉर्थ ईस्ट पर स्पेशल फ़ोकस


       सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी एवं अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास के राह पर अग्रसर है,  विकास के नई ऊंचाईयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के साथ-साथ समूचे नॉर्थ ईस्ट के विकास पर मोदी सरकार का विशेष फ़ोकस है। हमारी सरकार नार्थ ईस्ट के संपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए यहाँ के विकास के किये केंद्र सरकार की ओर से 50,000 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए गये हैं। नार्थ ईस्ट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हो रहा है,  वहीं लगभग 40,000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स नॉर्थ ईस्ट में चल रहे हैं।


मध्यप्रदेश के साथ किया कांग्रेस ने छल


        चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हमसे ज्यादा सीटें मिलीं। कांग्रेस को भाजपा से 5 सीटें ज़्यादा मिली थीं, इसलिए हमने माना कि सरकार उन्हें बनानी चाहिए। उन्होंने सरकार बनाई, लेकिन कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश की जनता से किया गया  अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि एमपी में कांग्रेस की सरकार विफल रही है।