पैसे देकर पत्थर फिंकवाने वाले अब कर रहें है कश्मीरियों का अपमान : राकेश सिंह


                भोपाल। भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था के समर्थन में खड़े हो रहे कश्मीरियों के खिलाफ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग पैसे देकर कश्मीर में सुरक्षा बलों पर पत्थर फिंकवा रहे थे वही लोग अब कश्मीरियों की नीयत पर सवाल उठाकर उनका अपमान कर रहे हैं। दरअसल कश्मीर में लोकतंत्र की बहार आने से जिन नेताओं की दुकान बंद हो रही है वे घबराए हुए है। आने वाले दिनों में कश्मीर में विकास होगा और लोगों को रोजगार मिलेंगे और सभी कश्मीरी अपने आपको भारतवासी होने पर गर्व महसूस करेंगे। 



कांग्रेस 370 पर स्पष्ट करे अपना रवैया


                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेता कश्मीर से 370 हटाने का समर्थन कर रहे हैं या विरोध कर रहे हैं। यह स्पष्ट करना चाहिए। क्योंकि कांग्रेस के तमाम बड़े नेता और युवा 370 हटाए जाने को भारत की अखण्डता के लिए उठाया गया उचित कदम मान रहे है। वहीं गुलाम नबी आजाद और अधीर रंजन जैसे लोग 370 हटाए जाने का विरोध कर रहे है। कांग्रेस को अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहिए, क्योंकि यह वही कांग्रेस है जिसने धारा 370 की आड में कश्मीरियों का शोषण किया और उन्हें अभावग्रस्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



नरोत्तम मिश्रा को टारगेट करने से बाज आए सरकार



                 राकेश सिंह ने पूर्व मंत्री  नरोत्तम मिश्रा को लेकर बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कांग्रेस की सरकार दुराग्रही होकर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टारगेट कर रही है। हमें किसी जांच से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को लेकर जिस प्रकार का द्वेषपूर्ण वातावरण सरकार बना रही है उसे भारतीय जनता पार्टी सहन नहीं करेगी। इस विषय को लेकर हम चुप बैठने वाले नहीं है। पूरी पार्टी नरोत्तम मिश्रा के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। 



जनता के हित से जुड़े मैनेजमेंट को समझे प्रदेश सरकार



                प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने पुजारियों को प्रशिक्षण देने के लिए टेंपल मैनेजमेंट इंस्टीटयूट की व्यवस्था को लेकर कहा कि सरकार को इस तरह के कदम उठाने से पहले उस मैनेजमेंट को समझना होगा जो प्रदेश की जनता के हित से जुडा है। लेकिन सरकार इस दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रही है। सिंह ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार बेशर्मी से तबादला उद्योग को ही बढ़ावा दे रही है और वह सिर्फ इसी एक काम में सफल नजर आ रही है।