गांधी जी के कांग्रेस मुक्त भारत के विचार को साकार कर रही भाजपाः राकेश सिंह


                मंदसौर/नीमच। देश की आजादी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस का काम अब पूरा हो गया है। अब इसे भंग कर देना चाहिए। लेकिन पं. जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए कांग्रेस को बनाए रखा। अब भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस मुक्त भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को साकार कर रही है।


सेवा सप्ताह के रूप में मनाएं प्रधानमंत्री का जन्मदिवस


                कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष  राकेश सिंह ने कहा कि  नरेन्द्र मोदी के रूप में हमें सक्षम नेतृत्व मिला है। उनके जीवन में सेवा का सबसे महत्वपूर्ण स्थान है। मोदी जी के मन में अगर सेवा का भाव नहीं होता तो उज्जवला योजना, आवास योजना, जन धन योजना जैसी आम व्यक्ति से जुडी योजनाएं आकार नहीं लेती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस 17 सितंबर को है और पार्टी ने तय किया है कि 14 से 21 सितंबर तक का सप्ताह सेवा सप्ताह के रूप में मनाएंगे। इस दौरान रचनात्मक एवं समाजसेवा के कार्यक्रम मंडल स्तर तक आयोजित किए जाएं। 17 सितंबर पर एक वृहद कार्यक्रम आयोजित हो।  सिंह ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी ने कई कार्यक्रम तय किए हैं, जिनमें अनुच्छेद 370 को लेकर जनजागरण और जनसंपर्क का कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।


पार्टी को मजबूती देंगे सक्रिय सदस्य


                 राकेश सिंह ने कहा कि पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान मध्यप्रदेश में इस बार रिकॉर्ड तोड़ सदस्य बने हैं। अब सक्रिय सदस्य बनाना है और सक्रिय सदस्यों की सूची भी सदस्यों की तरह ही लंबी होना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता भी बनाएं, क्योंकि सक्रिय सदस्यों की बड़ी संख्या पार्टी को मजबूती देगी। उन्होंने मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कहा कि उसी कार्यकर्ता को मंडल अध्यक्ष बनाया जाए, जो पार्टी को मजबूती देने वाला हो। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस बात का ध्यान रखें कि मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति में किसी तरह का विवाद न हो।


कांग्रेस ने गांधी जी के विचारों को खत्म किया


                 राकेश सिंह ने कहा कि गांधीजी व्यक्ति नहीं एक विचार हैं। उनके विचार हर पीढियों में प्रासंगिक रहे है। लेकिन दुर्भाग्य है कि गांधीजी के विचारों को कांग्रेस ने निजी संपत्ति बनाकर 70 सालों तक उपयोग किया और उनके विचारों को समाप्त करने का पाप किया।  सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2 अक्टूबर,  गांधी जयंती से 31 अक्टूबर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तक हर संसदीय क्षेत्र में ग्राम स्वराज पदयात्रा निकालेगी और यात्रा के माध्यम से गांधीजी के विचारों को जन जन तक पहुंचाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इन पदयात्राओं में स्थानीय सांसद भी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो दिनों का समय दें। पदयात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन को दें साथ ही जनहित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंदों को दिलाने का प्रयास करें।


भाजपा कार्यकर्ता दमन और दबाव के आगे झुकने वाले नहीं


                 राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार राजनैतिक विद्वेष के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं को शिकार बना रही है,  ताकि वे मानसिक रूप से कमजोर हों। लेकिन पार्टी का कार्यकर्ता दमन और दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी ताकत को पहचानते हुए पार्टी हित में आगे बढें। सरकार की हकीकत उजागर करने के लिए बड़े से बड़ा आंदोलन भी करना पडे तो उन्हें अंजाम दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपसी गुटों और अंर्तविरोधों से घिरी हुई सरकार है। उन्होंने कहा कि घंटानाद आंदोलन से कांग्रेस सरकार हिल गई है। अगर जरूरत पड़े तो जिले में भी आंदोलन ऐसे हों कि सरकार को भाजपा कार्यकर्ता की ताकत का पता चल जाए।


कांग्रेस जानती है कि सीधे चुनाव हुए तो जमानत जब्त हो जाएगी


                प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस चाहती है कि जहां नगर निगम हो वहां पार्षद दलीय आधार पर हो और महापौर सीधे तौर पर न चुने जाएं। क्योंकि कांग्रेस जानती है कि सीधे तौर पर महापौर का प्रत्याशी आयेगा तो उसकी जमानत जब्त हो जायेगी। कांग्रेस खरीद-फरोख्त के आधार पर अपने महापौर  और नगरीय निकाय अध्यक्ष को लाना चाहती है।  राकेश सिंह ने कहा कि हमें मानसिक रूप से तैयार रहने की आवश्यकता है कि जब भी चुनाव हों तो एक-एक पार्षद भाजपा का विजयी हो और कांग्रेस को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए एक भी पार्षद नहीं मिले।


               


                प्रदेश अध्यक्ष  ने मंदसौर के जिला चिकित्सालय में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया। वहीं, नीमच में रोगियों को फल वितरण किया। 


             वे जिला महामंत्री महेंद्र चोरड़िया का कुशल-क्षेम जानने भी पहुंचे, जो पिछले कुछ समय से अस्वस्थ हैं।


    प्रदेश अध्यक्ष ने अनुच्छेद 370 जनसंपर्क अभियान के तहत मंदसौर में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विजयशंकर मिश्र एवं नीमच में समाजसेवी मनोहर अर्जनानी से मिलकर उन्हें अनुच्छेद-370 के संबंध में लिखी गई पुस्तक 'एक देश, एक संविधान' और राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अमित शाह का अनुच्छेद 370 को लेकर लोकसभा में दिए गए भाषण की प्रति भी भेंट की।


                               मंदसौर में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर,  जिला अध्यक्ष राजेंद्र सुराना, सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व गृहमंत्री कैलाश चावला सहित पार्टी पदाधिकारी तथा महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजयसिंह चौहान ने किया और आभार मंडल अध्यक्ष नरेश चंदवानी ने माना। नीमच में इस अवसर पर वरिष्ठ नेता  कैलाश चावला, जिलाध्यक्ष  हेमंत हरित, विधायक  ओमप्रकाश सखलेचा,  दिलीप परिहार,  माधव मारू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।