कांग्रेस को चुनाव में ही आती है आदिवासियों की याद : राकेश सिंह



भोपाल। भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस की सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं है, अपहरण हो रहे हैं, हत्याएं हो रही हैं, डकैती हो रही है। चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है, जनता त्रस्त है। यह चुनाव केवल भानू भूरिया का नहीं जनता का चुनाव है। जनता से झूठे वादे करने वाली कांग्रेस से बदला लेने का चुनाव है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने झाबुआ में पार्टी प्रत्याशी  भानू भूरिया की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए कही।
झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी भानू भूरिया ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष  राकेश सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  शिवराज सिंह चौहान, नेताप्रतिपक्ष  गोपाल भार्गव, डॉ. नरोत्तम मिश्रा,  कृष्णमुरारी मोघे एवं रमेश मेंदोला,  गुमानसिंह डामौर,  अंतरसिंह आर्य, रंजनासिंह बघेल सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के पूर्व स्थानीय राजवाड़ा चौक में नेतागणों ने जनसभा को संबोधित किया।

ट्रांसफर, पोस्टिंग करने वाली सरकार विकास क्या करेगी
 शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में उथल-पुथल मची हुई है। विधायक, मंत्रियों पर और मंत्री मुख्यमंत्री पर रौब जमा रहे हैं। कमलनाथ सिर्फ कहने को मुख्यमंत्री हैं जबकि सरकार तो कोई और ही चला रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में सबसे बड़े ब्लैकमेलर यदि कोई है तो वह दिग्विजय सिंह है। यह मैं नहीं कांग्रेस के एक मंत्री बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की एक मंत्री कहती हैं कि पैसे लाओ और ट्रांसफर करवाओं। दूसरे मंत्री कहते है अधिकारी और पटवारी चोर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। कलेक्टर और एसपी की पोस्टिंग भी पैसे ले देकर हो रही है। ऐसी सरकार क्या विकास करेगी।
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई और बिजली गई
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने वचन दिया था कि 10 दिनों में 2 लाख तक का कर्जा माफ करेंगे और राहुल गांधी ने कहा था कि 10 दिनों में कर्जा माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन आज 9 महीने होने को आए हैं। लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वचन किसानों के साथ गद्दारी है। प्रदेश सरकार ने किसानों की पीठ में छुरा घोपा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई और बिजली गई। भाजपा की सरकार में 200 रूपए का बिजली बिल आता था और अब बिजली के बड़े-बड़े बिल आ रहे हैं। बिजली के बिलों को हॉफ करने का वचन देकर जनता को हजारों के बिल देना पाप है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने यह तय किया था कि गरीब आदिवासी भाईयों से इतने बड़े बिजली के बिल वसूल नहीं होने देंगे, लेकिन अब कांग्रेस गरीबों को हजारों के बिजली थमा रही है।
अब आदिवासी बेटा-बेटियों की चिंता करने वाली मामा की सरकार नहीं
 चौहान ने आदिवासी विद्यार्थियों को भाजपा सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं को बताते हुए कहा कि प्रदेश में मामा की सरकार थी तो प्यारे भांजे-भांजियों को स्कॉलर मिलती थी, लेपटॉप और स्मार्ट फोन मिलता था। आदिवासी छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए बाहर शहरों में कमरा लेकर रहते थे तो उनका किराया मामा देता था, जिससे गरीब बेटा-बेटी पढ़ सकें। लेकिन यह सारी सहुलियतें कमलनाथ सरकार ने बंद कर दी है। इस भ्रष्ट सरकार ने बच्चों से साइकिल तक छीन ली। गरीब विद्यार्थियों की पढ़ाई बर्बाद कर दी। उन्होंने कहा कि झूठे और हसीन सपने दिखाने में कांग्रेस माहिर है। कांग्रेस ने स्वयं सहायता समूहों की बहनों से कर्जा माफ करने की बात कही थी लेकिन आज तक कर्ज माफ नहीं हुआ उल्टा समूहों की बहनों को बैंकों के नोटिस मिल रहे हैं। किसानों की फसलें तबाह और बर्बाद हो गईं, सोयाबीन खराब हो गया, मूंग का अतापता नहीं है। किसान की आंखों में आंसू हैं और किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। भाजपा सरकार के समय चलाई गई सभी योजनाओं को बंद करके कांग्रेस सरकार जनता को परेशान कर रही है।
झाबुआ में हार की हैट्रिक बनाएगी कांग्रेस

 राकेश सिंह ने नामांकन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपचुनाव निक्कमी प्रदेश सरकार से मुक्ति का एक सुअवसर है। इस भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया को विजय बनाएं। उन्होंने कहा कि झाबुआ की जनता कांग्रेस के परिवारवाद से मुक्त होने को आतुर है, इस बात का सबूत है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता ने भरपूर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि नामांकन रैली और जनसभा का माहौल यह बता रहा है कि कांग्रेस झाबुआ में हार की हैट्रिक बनाएगी। उन्होंने जनता से आव्हान करते हुए कहा कि एक बार फिर विधानसभा चुनाव है पार्टी के प्रत्याशी भानु भूरिया को आशीर्वाद देकर विजय बनाएं और देश में एक संदेश दें की आदिवासी सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं।

भाजपा विकास का पर्याय
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास का पर्याय है। जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही, वह प्रदेश विकास की ओर अग्रसर हुआ है। बीते 15 वर्षों में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल हुआ, लेकिन विधानसभा चुनाव में थोड़ी चूक हो गई। जिसके कारण प्रदेश में कांग्रेस की बेमेल सरकार बन गई। इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। मंत्रियों और विधायकों का कोई तालमेल नहीं है। शासन और प्रशासन का कोई मेल मिलाप नहीं है। प्रदेश में चारों ओर हाहाकार की स्थिति है।
कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों का शोषण किया
 राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश मे सबसे अधिक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन कभी भी कांग्रेस ने आदिवासी भाइयों की सुध लेने का कोई काम नहीं किया। जब जब चुनाव आते हैं कांग्रेस को गरीबों और आदिवासियों की याद आती है। कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों का शोषण किया।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने आदिवासी भाइयों के हितों की चिंता की। प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी, तब आदिवासी संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के लिए शिवराज जी ने काम किया।

कमलनाथ सरकार ने सारी जनहितैषी योजनाएं बंद की

नेता प्रतिपक्ष  गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों और वनवासियों को झूठे वादे किये। कांग्रेस हमेशा उनको छलने का काम करती आई है। आदिवासी अंचल के भाई प्रदेश की झूठी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। झाबुआ उपचुनाव में जनता कांग्रेस के अभिमान को चकनाचूर कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासियों के स्वाभिमान ओर सम्मान को बढ़ाया, आदिवासी महापुरुषों की स्मृतियों को चिरंजीव बनाने के लिए उनके नाम से स्मारक बनाएं। आदिवासियों के बेटा बेटीयों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने का काम शिवराज सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने सारी जनहितैषी योजनाएं बंद कर दी है।

भानू भूरिया को जिताकर कांग्रेस को करारा जवाब दें

उन्होंने कहा कि सिर्फ 9 माह में प्रदेश के हालत बदत्तर है। कमलनाथ सरकार में भय, भूख और भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से भय व्याप्त है। गरीब को 2 वक्त की रोटी नसीब नही हो रही है। और इसके मंत्री खुले आम ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए पैसा मांग रहे है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव भारत को तोड़ने की विचारधारा रखने वाले टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन करने वाले और दूसरी ओर भारत को मजबूत करने वाली विचारधारा के बीच का चुनाव है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी  भानु भूरिया को विजयी बना कर कांग्रेस को करारा जवाब दें।

ये नेतागण थे मौजूद

इस अवसर पर नामांकन रैली एवं सभा में विधायक चेतन कश्यप, निर्मला भूरिया,  संगीता चारेल,  कलसिंह भूरिया,  नागरसिंह,  माधो सिंह,  गौरसिंह वसुनिया,  दौलत भावसार,  शैलेष दुबे सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने किया।