कांग्रेस को किसानों की तकलीफों से लेना-देना नहीं : राकेश सिंह                 


भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय जब किसान परेशान होता था,  तो उसका दुख-दर्द बांटने हमारे मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता उसके साथ खड़े हो जाते थे। कांग्रेस किसानों की हमदर्द बनकर सत्ता में आई, लेकिन अतिवृष्टि और बाढ़ से बेहाल हुए किसानों की तकलीफों से उसे कोई लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री और मंत्री अब तक किसानों के आंसू पोंछने नहीं पहुंचे। किसानों को खराब फसलों का मुआवजा दिलाने, उनका हक दिलाने के लिए भाजपा मुखरता के साथ प्रदेश सरकार से लड़ेगी। इसलिए ध्यान रखें, 20 सितंबर को हर विधानसभा में होने वाला आंदोलन ऐतिहासिक हो, ताकि कुंभकरणी नींद में सोई प्रदेश सरकार जागे और किसानों की सुध ले। 


कांग्रेस सरकार में चारों तरफ अफरा-तफरी


                राकेश सिंह कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आए मात्र नौ महीने हुए है, लेकिन इस दौरान प्रदेश में चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। न किसानों का कर्ज माफ हुआ है, न युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस ने वादा किया था कि बिजली का बिल हाफ करेंगे लेकिन बिल तो हाफ नहीं हुआ, बिजली ही साफ हो गई। भाजपा सरकार ने गरीबों के हित के लिए जो योजनाएं शुरू की थीं, उन्हें इस जनविरोधी सरकार ने बंद कर दिया।


गांधी जयंती से शुरू होंगी पदयात्राएं


                राकेश सिंह ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती से 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती तक सभी लोकसभाओं में गांधी-150 पदयात्राएं होंगी। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुसार ये पदयात्राएं कम से कम 150 किलोमीटर लंबी हों और 15 दिनों तक चलें। इनमें पार्टी के सभी जनप्रतिनिधिगण और कार्यकर्ता सम्मिलित हों,  ऐसी योजना बनाएं। उन्होंने बताया कि 21 सितम्बर को अमित शाह,  जेपी नड्डा एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री  बीएल संतोष, सभी सांसदों और पदाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए चर्चा करेंगे।


पौधे लगाए, प्रबुद्धजनों से की भेंट


                 राकेश सिंह ने सेवा सप्ताह के अंतर्गत विद्यावती पब्लिक सेंट्रल स्कूल परिसर में पौधरोपण किया और जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किये।  सिंह ने संपर्क अभियान के अंतर्गत भिंड के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. सुरेश बंसल से उनके निवास पर पहुंचकर संपर्क किया और अनुच्छेद 370 तथा 35 ए को हटाने के सम्बन्ध में चर्चा की। इस अवसर पर संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ, भिंड सांसद संध्या राय, अटेर विधायक अरविंद सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, जिलाध्यक्ष नाथू सिंह गुर्जर समेत अनेकों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।