कांग्रेसी खुद भ्रमित, पता नहीं कर पा रहे  कौन असली मुख्यमंत्री : शिवराजसिंह

भोपाल। हर चुनाव के समय कांग्रेस कई तरह के भ्रम फैलाने का काम करती रही है और यही काम वह झाबुआ उपचुनाव के दौरान भी कर रही है। लेकिन इन दिनों कांग्रेसी खुद सबसे ज्यादा भ्रमित हैं। प्रदेश सरकार में कई मुख्यमंत्री हैं और ऐसे में कांग्रेसी तय नहीं कर पा रहे हैं कि किसका दामन थामें। 
चौहान ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेसी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी सरकार में असली मुख्यमंत्री कौन है। कमलनाथ हैं, दिग्विजय हैं या ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। भ्रमित कांग्रेसियों को यह समझ नहीं आ रहा है कि वे किसके पास जाएं। दिग्विजय गुट सिंधिया गुट के पीछे पड़ा है। सिंधिया गुट दिग्विजय गुट के पीछे पड़ा है। कई बार ये दोनों गुट मिलकर मुख्यमंत्री कमलनाथ के पीछे पड़ जाते हैं। मंत्री उमंग सिंघार अलग तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। खुद सरकार के मंत्री और विधायक कह रहे हैं कि सरकार में बैठे लोग पैसे खा रहे हैं। कोई कह रहा है कि बिना पैसे के तबादले नहीं होते, तो कोई कह रहा है कि रेत के अवैध कारोबार से पैसे खाए जा रहे हैं, गिट्टी से पैसे खा रहे हैं, अवैध शराब का कारोबार करवा रहे हैं। ऐसे में भ्रमित अगर कांग्रेस नहीं है, तो कौन है जिसके नेता अपनी ही सरकार और उसके मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।