रेल राज्य मंत्री ने की सफाई व्यवस्था  की  सराहना


प्रयागराज। बुधवार को रेल राज्य मंत्री सुरेश सी अंगड़ी ने गाड़ी संख्या 22436 नई दिल्ली - वाराणसी, वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान पहले मेक इन इंडिया ट्रेनसेट और उत्तर मध्य रेलवे के क्षेत्र में इलाहाबाद मंडल का निरीक्षण किया। उत्तर मध्य रेलवे में राज्य मंत्री ने पहली बार इस उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल पर अपनी 80% से अधिक यात्रा करने वाले  ट्रेनसेट के एसी चेयर कार में यात्रा की।


मंत्री ने वंदे भारत में प्रदान की गई मौजूदा सुविधाओं का ऑनबोर्ड निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए सेवाओं में सुधार करने के आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस में कई यात्रियों के साथ बातचीत कर फीडबैक लिया और पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन की मौजूदा सेवाओं पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। इलाहाबाद में 22436 नई दिल्ली - वाराणसी, वंदे भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहराव के दौरान,  मंत्री ने उत्तर मध्य रेलवे के  महाप्रबंधक राजीव चौधरी, इलाहाबाद के  मंडल रेल प्रबंधक और इलाहाबाद स्टेशन पर मौजूद अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की। मंत्री ने इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, समय पालन में सुधार और उत्तर मध्य रेलवे में बेहतर सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।


वंदे भारत की औसत गति उत्तर मध्य रेलवे परिक्षेत्र में 104 किमी प्रति घंटे और समय पालन लगभग 100% है जो भारतीय रेलवे की सभी अन्य ट्रेनों की औसत गति और समय पालन की तुलना में सर्वाधिक है। महाप्रबंधक  चौधरी के मार्गदर्शन में उत्तर मध्य रेलवे ने स्थायी और दीर्घकालिक सुधारों के लिए कई प्रणाली सुधार उपायों को लागू किया है। सितंबर, 2019  तक उत्तर मध्य रेलवे ने पिछले साल की तुलना में ट्रेनों की समयपालनता में 10.37% की वृद्धि दर्ज की है, जो सभी क्षेत्रीय रेलवे के बीच सबसे अच्छा सुधार है।


 राज्य मंत्री  ने उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबंधक को बधाई दी  और टीम एनसीआर को रेल गाड़ियों की समयपालनता और रेल कार्यप्रणाली के अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छूने की बात कही। मंत्री ने विशेष रूप से रेल मार्ग एवं स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था की तारीफ की। उत्तर मध्य रेलवे स्वच्छ भारत मिशन के क्रियांवयन में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, तीनों मंडलो में सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर पहले से ही मैकेनाइज्ड प्रणाली कार्य कर रही है। महाप्रबंधक ने सुरेश सी अंगड़ी को आश्वस्त किया कि स्वच्छ भारत अभियान के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।