भारतीय किसान संघ बाढ़ पीडि़त किसानों की मांग को लेकर करेगा प्रदर्शन


भोपाल। मध्यप्रदेश में इस साल अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोर्चा खोल दिया है। किसानों को फसल बीमा की राशि एवं मुआवजा राशि देने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा 15 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे से शाम 5 बजे तक राजधानी के अंबेडकर पार्क में प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ धरना  दिया जा रहा है। धरने में भारतीय किसान संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष रामभरोस बसोतिया,मध्य भारत प्रांत अध्यक्ष  कैलाश जी ठाकुर ,मालवा  प्रांत अध्यक्ष कमल सिंह आंजना , महाकौशल प्रांत अध्यक्ष विजय गोटिया ,सहित भारतीय किसान संघ के समस्त पदाधिकारी एवं कार्य समिति सदस्य व बड़ी संख्या में प्रदेश भर के किसान उपस्थित रहेंगे। किसान संघ का आरोप है कि सरकार प्रदेश के किसानों का 2 लाख रूपए तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी,लेकिन अभी तक प्रदेश में किसानों को कर्ज माफ नहीं हुआ है। इसके अलावा प्रदेश में बाढ़ की वजह से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में प्रदेश भर के किसान धरना देने के लिए भोपाल आ रहे हैं। प्रदर्शन के बाद संघ की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।