आज की कांग्रेस को देख गांधीजी दुखी होते होंगेः राकेश सिंह   


भोपाल। कांग्रेस की स्थापना आजादी के उद्देश्य की पूर्ति के लिए की गई थी। आजादी मिलने के बाद गांधी जी ने कांग्रेस को समाप्त कर देने के बाद की थी। लेकिन आज कांग्रेस में जिस तरह के घटनाक्रम और निर्णय हो रहे हैं, उन्हें अगर महात्मागांधी जी देखते होंगे तो बहुत दुखी होते होंगे। इंदौर में जिस तरह कांग्रेस के स्थापना दिवस पर लड़ाई-झगड़ा और अपशब्दों का प्रयोग हुआ, वह शर्मसार करने वाले हैं। यह गांधीजी की कांग्रेस हो ही नहीं सकती। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से कही।


अतिथि विद्वानों के मुद्दे पर सरकार सिर्फ राजनीति कर रही


राकेश सिंह ने एक अन्य प्रश्न पर कहा कि कमलनाथ सरकार के एक साल में हर वर्ग बेहाल है। किसान, युवा, महिला सभी वर्गोंं को धोखा देने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। उन्होंने राजधानी में चल रहे अतिथि विद्वानों के धरने पर कहा कि सैकड़ों की संख्या में अतिथि विद्वान धरने पर बैठें हैं। हमारे नेताद्वय पूर्व मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव धरना स्थल पहुंचकर अतिथि विद्वानों से मिले। भाजपा ने उनके इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया लेकिन 18 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी सरकार अतिथि विद्वानों की कोई सुध नहीं ले रही है। प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है।