भाजपा सरकार पर हमला कर प्रियंका ने ली विपक्ष पर बढ़त


मनोज श्रीवास्‍तव/लखनऊ :  उत्‍तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून पर हुए बवाल के बाद पिछले दो दिन के घटनाक्रम के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने विपक्ष की कमान अपने हाथ में ले ली है। प्रदेश सरकार को घेरने के साथ ही प्रियंका ने सपा और बसपा को पीछे छोड़ दिया है। अपने आक्रामक रवैये से प्रियंका ने अखिलेश यादव और मायावती पर भी बढ़त ले ली है। सोमवार को कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश की जनता पर अत्‍याचार हो रहा है। यूपी की पुलिस मुख्‍ययमंत्री के बदला लेने वाले बयान के अनुरूप कार्य कर रही है। मेरी सुरक्षा मेरे लिए बहुत अहम नहीं है, राज्य के लोगों की सुरक्षा की बात होनी चाहिए। प्रियंका ने कहा कि बिजनौर में दो युवक पुलिस की गोली के शिकार हुए वहीं, लखनऊ में एक पूर्व अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया, बनारस में छात्रों के ऊपर पुलिस ने अत्याचार किया है। सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। हिंदुस्‍तान कृष्ण और राम का देश है। इस देश में यह सब हो रहा है। कृष्ण ने अर्जुन से बदले की बात युद्ध के समय भी नहीं कही थी। हिंदू धर्म में बदले की कोई जगह नहीं हैं। प्रियंका ने बलवाइयों की संपत्ति जब्त करने के आदेश को भी वापस लेने की मांग की। प्रियंका गांधी ने बताया कि उन्‍होंने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुई हिंसा के दौरान पुलिस और प्रशासन की अराजकता के संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन दिया है, जिसमें चार मांगें भी रखी गई हैं।