महाराष्ट्र की चिंगारी से झुलसा अहंकार का दुर्ग- कांग्रेस






संवाददाता/लखनऊ। झारखंड में भाजपा सरकार की करारी पराजय की तपिश लखनऊ में महसूस किया गया। कांग्रेस ने कहा कि झारखंड में भाजपा के अहंकार का दुर्ग ढहा है। पार्टी प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि महाराष्ट्र से भाजपा के अहंकार का दुर्ग का ढहना शुरू हो चुका है अब वह रुकने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में भाजपा पूरे देश से मुक्त होगी। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आईपी सिंह ने कहा कि जनता जान चुकी है कि भाजपा नफरत और दंगा को हथियार बनाती है। देश की अर्थव्यवस्था लगातार गिरती चली जा रही है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। देखते जाइये जैसे-जैसे अन्य राज्यों में चुनाव होगा भाजपा सिमटती जाएगी। बहुजन समाज पार्टी के समर्थक नेता बाबू लाल सरोज ने कहा कि भाजपा ने हिन्दू-मुस्लिम करके पूरे देश का माहौल खराब करने की कोशिश किया था, जनता ने सबक दे दिया है, अच्छा होगा कि भाजपा आगे नफरत फैलाने से बचे। भाजपा ने हार स्वीकार कर झारखंड के जनादेश का स्वागत किया है। पार्टी प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि नई सरकार को बधाई, लेकिन लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ झारखंड की जनता के हित मे भाजपा सदैव संघर्ष करेगी।