युवाओं की ऊर्जा नकारात्मक हो गई, तो रह नहीं पाएगी कांग्रेस सरकार: राकेश सिंह


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का युवा वह युवा है,  जिसके लिए स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि ' मुझे 10 चरित्रवान युवा मिल जाएं तो मैं पूरी दुनिया बदल सकता हॅू।'  ऐसे चरित्रवान युवा केवल भारतीय जनता पार्टी के पास हैं। आज युवा मोर्चा पूरे मध्यप्रदेश में आव्हान करने निकला है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ,  आपने युवाओं से जो वादे किए थे उन्हें पूरा करो। मध्यप्रदेश का युवा आज सड़कों पर निकला है, युवाओं में आज आक्रोश है। युवा मोर्चा की यह सकारात्मक ऊर्जा यदि नकारात्मक ऊर्जा में बदल गई, तो प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं रह पाएगी।  यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवा आक्रोश आंदोलन के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
कांग्रेस ने युवाओं का अपमान किया, धोखा दिया है
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। युवा कांग्रेस के पास भीख मांगने नहीं गया था, बल्कि कांग्रेस ने खुद चुनाव के पहले यह वादा किया था कि बेरोजगार युवाओं को 4 हजार रूपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। कांग्रेस जब सरकार में आ गई, तो युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण देने की बात कहने लगी। लेकिन प्रशिक्षण भी कैसा? जानवर चराने का, बैंड बजाने का। इस तरह की बातें करके कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि आज तक एक भी युवा को न तो प्रशिक्षण मिला और न ही बेरोजगारी भत्ता मिला। कांग्रेस की सरकार ने युवाओं को धोखा दिया है।  
बंद कर दी युवाओं की योजनाएं
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार के समय जितनी भी युवाओं के हित वाली योजनाएं चल रही थीं, इस सरकार ने बंद कर दीं। मेधावी छात्रों के लेपटॉप बंद कर दिये। साइकिल के बदले स्कूटी देने की घोषणा की। लेकिन कांग्रेस की इस सरकार ने साइकिल भी छीन ली और प्रदेश की बच्चियां आज भी स्कूटी का इंतजार कर रही हैं। भाजपा के सरकार के समय मेधावी छात्रों को 40 लाख तक की सहायता दी जाती थी। युवा डॉक्टर बनें, इंजीनियर बनें, वैज्ञानिक बनें, मध्यप्रदेश सरकार उसके लिए पैसा देती थी। यह योजना भी कमलनाथ सरकार ने बंद कर दी।
वादों का मतलब सिर्फ मुंह चलाना था, तो अब माफी मांगें
सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस के नेता घोषणाएं कर रहे थे, तब कमलनाथ को सोचना चाहिए था कि केवल मुंह चलाना है या फिर भविष्य में सरकार भी चलाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि किसानों का कर्जा माफ करेंगे, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देंगे तो क्या वह सिर्फ मुंह चलाना नहीं था?  यदि कांग्रेस के नेताओं ने वह सारी बातें सिर्फ मुंह चलाने के लिए कही थी, तो अब उसके लिए कांग्रेस को प्रदेश की  जनता से माफी मांगनी चाहिए।