किसी कार्यकर्ता की तरफ आंख उठाकर देखा, तो सड़कों पर लड़ाई लड़ेगी भाजपाः राकेश सिंह

 भोपाल। प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर मामले दर्ज हो रहे हैं। डराने-धमकाने की कोशिश चल रही है। कांग्रेस को लगता है कि यह सब करने से जनता से जुड़े मुद्दों से भाजपा का ध्यान हटा पायेंगे और भाजपा का फोकस शायद बदल जायेगा। लेकिन हम प्रदेश की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं,  उनके सुख दुख और हित की लड़ाई के लिए खड़े हैं। अगर किसी भी भाजपा कार्यकर्ता की तरफ आंख उठाकर देखा, तो पूरा भाजपा परिवार एकजुट होकर सड़क पर उतरेगा और लड़ाई लड़ेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता तपा और संघर्षों से निखरा हुआ है, वह किसी के दबाव में आने वाला नहीं है।


देवेंद्र ताम्रकार पर एफआईआर बड़ा षडयंत्र


राकेश सिंह ने कहा कि पिछले दिनों अशोकनगर के जिला मीडिया प्रभारी देवेन्द्र ताम्रकार के खिलाफ अचानक 376 का मामला दर्ज कराया गया। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी  लोकेन्द्र पाराशर एवं अन्य वरिष्ठ नेता अशोकनगर गए थे। मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  प्रभात झा भी वहां गए थे। जो भी जानकारियां सामने आ रही हैं, उनसे लगता है कि  ताम्रकार के खिलाफ एफआईआर कोई बड़ा षडयंत्र है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, उषा ठाकुर, प्रदेश महामंत्री  बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश मंत्री कृष्णा गौर, भारतसिंह कुशवाह, गोपीलाल जाटव के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल अशोकनगर जाएगा और देवेन्द्र ताम्रकार के परिजनों से मिलकर परिस्थितियों का बारीकी से अध्ययन करेगा। उसके बाद एक रिपोर्ट डीजीपी को सौंपी जायेगी। इसके बाद भी अगर न्याय नहीं मिला, तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।


Popular posts