नरेन्द्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में सीएए को लेकर प्रबुद्धजनों से किया संवाद


ग्वालियर। नागरिकता संशोधन कानून में मुस्लिमों का उल्लेख ही नहीं है, तो यह दर्द मुस्लिमों की बजाय राहुल गांधी को क्यों हो रहा है ? कांग्रेस और वामपंथी दल अपने वोट बैंक की खातिर देश की जनता में जहर घोलने का काम कर रहे हैं, जबकि हम मानवीय पहलू देखकर सबकी मदद करना चाहते हैं। इसके पहले भी कानून में संशोधन होते रहे हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी का नाम आते ही विरोध शुरू हो जाता है, क्योंकि मोदी सरकार के फैसलों से विपक्षी दलों के वोट बैंक की दुकानें बंद हो रही हैं। 


                नागरिक संशोधन कानून (सीएए) को लेकर चल रहे जनजागरण अभियान के अंतर्गत सोमवार को प्रदेश भर में कार्यक्रम संपन्न हुए। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित किया। कार्यक्रम में सांसद विवेकनारायण शेजवलकर, रिटायर्ड मेजर जनरल आरएस शर्मा, पं गिर्राज शर्मा, राधेश्याम भाकर मंचासीन थे।


शरणार्थी और घुसपैठियों में अंतर समझना होगा


                तोमर ने संगोष्ठी में कहा कि शरणार्थी और घुसपैठियों में अंतर समझना होगा। सीएए में शरणार्थी और एनपीआर में घुसपैठियों का मामला है, इसे जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। विपक्षी दल इसे भारतीय जनसंख्या रजिस्टर से भी जोड़ रहे हैं जबकि वह तो 10 साल में होने वाली सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि एनआरसी के विषय से भारत के लोगों का कोई लेना देना नहीं है, बांग्लादेश से आये घुसपैठियों से आसाम की संस्कृति को खतरा था, वहाँ राजनैतिक परिदृश्य को खतरा था। आसाम के लोग भी चाहते थे कि घुसपैठियों को बहार करो और आसाम को बचाओ। इसलिए वहां पर एनआरसी लाया गया।


विकास की बयार, कांग्रेस को हजम नहीं हो रहीः नरेंद्र सिंह तोमर


कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाले नागरिक : शेजवलकर


                ग्वालियर सांसद  विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति प्रारंभ की है। सीएए का दुष्प्रचार कर कांग्रेस ने देश के मुस्लिम और हिन्दू भाईयों के बीच दीवार बनाने का अभियान शुरू किया है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जनजागरण अभियान के माध्यम से नागरिकता संशोधन कानून की सच्चाई नागरिकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता के साथ ही देश के जागरूक नागरिक भी इस अभियान का हिस्सा बन रहे है।


नागरिकों ने रखे सीएए पर अपने विचार


                संगोष्ठी में बडी संख्या में ग्वालियर शहर के प्रबुद्धजन शामिल हुए। संगोष्ठी में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने सीएए को लेकर प्रबुद्धजनों से संवाद किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता दूतावत, राहुल श्रीवास्तव, एडवोकेट वीरेंद्र पाल, नितिन शुक्ला, शिराज कुरैशी आदि गणमान्य नागरिकों ने नागरिकता संशोधन कानून पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अशोक जादौन एवं आभार अजय बसंल ने माना।