प्रयागराज के माघ मेले में रखा गया श्रीरामजन्मभूमि पर बनने वाले राममंदिर का मॉडल



  • मंदिर बनने के पहले एक बार फिर गांव-गांव जाएगी विहिप


मनोज श्रीवास्तव/प्रयागराज।विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि स्थान पर बनने वाले भव्य मंदिर के मॉडल का पूजन कर अनावरण किया। यह मॉडल माघ मेला में आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया है। विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के दो दिवसीय बैठक के समापन सत्र के दौरान ही अयोध्या में बनने वाले श्री राम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के मॉडल को आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने पूजा अर्चना कर अनावरण किया। उन्होंने कहा कि जिस मॉडल को 1989 में कुंभ के दौरान प्रयाग में रखा गया था उसी मॉडल का यह स्वरूप है।



इस मॉडल के आधार पर भव्य मंदिर का निर्माण होना है। उसे परिवर्तित नहीं किया जाना चाहिए। क्योंकि उसके पत्थर 20 वर्ष से तराश कर तैयार किए गए हैं। विहिप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि संगठन की स्थापना जिन उद्देश्यों से हुई उसकी प्राप्ति के लिए हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमारे प्रयास सफल हो रहे हैं। संगम के इसी रेती पर हमने हिंदू समाज की एकता, सभी मत, पंथ, संप्रदाय में समानता एवं हिंदू समाज के मुख्यधारा से अलग हुए अपने बंधु बंधुओं को मुख्यधारा में लाने का जो संकल्प लिया था, अब वह साकार होता दिख रहा है। श्रीरामजन्मभूमि स्थान पर भव्य राम मंदिर बनाने का 490 वर्ष से चल रही लड़ाई (कलंक के प्रतीके) का अंत हुआ है। इस राष्ट्र के आध्यात्मिक सत्ता को पूरी दुनिया में मान्यता मिल रही है। हमारी कामना सबके सुख की है। इसी के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। संगठन के नेटवर्क के बल पर जिन गांव में रामशिला का पूजन हुआ था उन गांव में हम चैत्र वर्ष प्रतिपदा से हनुमान जयंती तक बड़े-बड़े राम महोत्सव के कार्यक्रम करेंगे। सभी जिलों, ब्लॉक गांव और शहरों में यह कार्यक्रम होगा। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों को तैयारी करनी है।संगठन के तंत्र के आधार पर ही हम धर्मांतरण को रोकने और अपने बिछड़े बंधुओं को घर वापस बुलाने का कार्य कर सकते है। गौ गंगा हमारी पहचान है।इनकी अस्मिता के लिए हमें चिंतन करते रहना चाहिए।इसके उपरांत आज की बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह, प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार, प्रांत अध्यक्ष शुभ नारायण सिंह, प्रांत मंत्री आनंद सिंह, सुरेश अग्रवाल, विमल प्रकाश, सुनील सिंह, आशुतोष श्रीवास्तव,अमित पाठक, धीरेंद्र कुशवाहा, गौरव जायसवाल, अविनाश सिंह, दुर्गेश सिंह, अभय वर्मा, अजय गुप्ता, दीनानाथ वर्मा, महेंद्र कुशवाहा, सत्येंद्र शुक्ला, विजय पांडे आदि उपस्थित रहे।