दंगे भड़काना चाहती है कांग्रेस - राकेश सिंह


 जबलपुर। कांग्रेस सिर्फ जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। बजट में हर वर्ग का और हर क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा गया है। जनता बजट की सराहना कर रही है और मुख्यमंत्री कमलनाथ आलोचना। हम कमलनाथ से उम्मीद नहीं करते है कि वे बजट को सराहेंगे। उन्हें पता है कि अगर वे बजट की तारीफ करेंगे तो मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री कमलनाथ सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहे है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने जबलपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही।


प्रदेश सरकार ने ऐसा कोई काम नही किया जिससे उसे बजट में कुछ मिले


   उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का बजट सर्वहारा और विकास को गति देने वाला बजट है लेकिन कांग्रेस मोदी फोबिया से ग्रसित है। इसलिए मोदी विरोध में जनकल्याणकारी बजट की भी आलोचना कर रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ सिर्फ जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहें है जो कि बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसी भी राज्य के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। प्रत्येक राज्य को बजट में अपना हिस्सा पाने तैयारी करनी पड़ती है। प्रदेश सरकार ने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया। जिससे वह कुछ हासिल करें। कमलनाथ सरकार को एक साल से अधिक समय बीत चुका है लेकिन सरकार के पास बताने के लिए 1 भी उपलब्धि नही है। प्रदेश सरकार सिर्फ तबादला उद्योग और तुष्टिकरण की नीति के साथ अपने हित साधने में लगी हुई हैं। प्रदेश सरकार की विकासवादी मानसिकता नहीं है।


मुख्यमंत्री बताएं, दलित और आदिवासियों  की हत्याओं का सिलसिला कब रूकेगा: राकेश सिंह


राम को काल्पनिक बताने वालों का राम मंदिर पर बात करना आश्चर्य


    उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे आईफा अवार्ड समारोह से हमें कोई आपत्ति नहीं। प्रदेश की थोड़ी ब्रांडिंग हो जाएगी लेकिन जनता को कोई लाभ नहीं होने वाला। राम मंदिर निर्माण पर दिग्विजय सिंह के बयान पर उन्होंने कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी नेता आज भगवान राम जी एवं राम मंदिर की बात करते है तो जनता को आश्चर्य होता है। कांग्रेस नेता की इस प्रकार की टिप्पणी से वे लगातार जनता के बीच हास्य के पात्र बनते जा रहें है।


सीएए को लेकर दंगा भड़काना चाहती कांग्रेस


     प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। मोदी सरकार ने जब भी जनहित से जुड़े निर्णय लिए कांग्रेस ने हमेशा उनका विरोध किया है। एक तरफ कांग्रेस कहती है कि संविधान की मूल आत्मा से छेडछाड नहीं होना चाहिए। लेकिन आजादी के बाद से अभी तक कई बार संविधान संशोधन हुआ है। कांग्रेस को शाहबानो प्रकरण में वोट बैंक के लिए जो सही लगा उसने वही किया। कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश सरकार मध्यप्रदेश में दंगे भड़काना चाहती है। प्रदेश में जहां-जहां सीएए के विरोध में धरना प्रदर्शन हो रहे है वह कांग्रेस के इशारे पर हुए है। कांग्रेस की मंशा अगर साफ होती तो लोगों के बीच जाकर उन्हें भटकाने और भ्रमित करने का काम नही करते बल्कि उन्हें यह बताते कि नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता देने का कानून है किसी की नागरिकता लेने का नही है।