मध्यप्रदेश में चारों ओर तबाही और जंगलराजः शिवराज सिंह चौहान


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने धार-मनावर में हुई मॉब लिंचिंग की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेसराज अब जंगलराज में तब्दील हो चुका है। चारो ओर तबाही मची हुई है। कमलनाथ सरकार ने मध्यप्रदेश को तालिबानी प्रदेश बना दिया है। उन्होंने कहा कि धार-मनावर में जिन लोगों को पीट-पीटकर, पत्थरों से कुचलकर हत्याएं की उन लोगों ने पुलिस को सूचना देकर गए थे कि हम अपने पैसे लेने वहां जा रहे हैं और हमारी जान को भी खतरा हो सकता है। लेकिन पुलिस सोती रही और ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई, ऐसी वीभत्स घटना की मध्यप्रदेश के इतिहास में मिसाल नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ बताएं आखिर मध्यप्रदेश कहा जा रहा है, ये जंगल राज नहीं है तो क्या है? उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यवाही क्यों नहीं करती। क्या पुलिस धर्म, जाति और पंथ पूछकर कार्यवाही करेगी ? क्या पुलिस के हाथ बांध दिए गए हैं ?


मुख्यमंत्री कितने भी प्रयास करें सीएए लागू होकर रहेगा : शिवराज सिंह चौहान 


चौहान ने कहा कि कर्त्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी यदि कार्यवाही करते हैं तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। उनका तबादला कर दिया जाता है। उन्हें सजाए दी जाती है, क्या हो रहा है मध्यप्रदेश में। चारों ओर तबाही और जंगल राज है और ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं बैठा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक ओर दलित युवक को जला दिया गया और सारे अपराधी नही पकड़े गए। पंथ देखकर कार्यवाही की गई। वहीं दूसरी ओर छिंदवाड़ा में एक दलित बिटिया के साथ दुष्कर्म कर जलाकर मार दिया जाता है। प्रदेश में दलित जिंदा जल रहे हैं, बेटियां मारी जा रही हैं, तालिबानी तरीके से हत्याएं हो रही हैं और कांग्रेस की कमलनाथ सरकार सो रही है। मुख्यमंत्री आइफा के आयोजन में व्यस्त हैं, अब तो यह लगता है कि मांग भी करें या न करे, क्योंकि यह सरकार तो कान में तेल डालकर सो रही है। ऐसी घटनाओं को रोकना सरकार की जिम्मेदारी है।