मोदी ने एक और वादा पूरा किया : राकेश सिंह                    


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि आज नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट की घोषणा कर  देश से किया एक और वादा पूरा किया है। पूरा देश आज नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन कर रहा है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने करोड़ों लोगों की भावनाओं के अनुरूप जो फैसला दिया था उसके बाद लोग प्रतिक्षा कर रहे थे राम मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया कब शुरू होगी। आज जनभावनाओं का इंतजार खत्म हुआ है।  राकेश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के लाखों लाख कार्यकर्ताओं की ओर से नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को बधाई देते हुए कहा कि मोदी जी और शाह जी के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप सर्वोच्च न्यायालय ने जो समय सीमा तय की थी उसके पूर्व ही ट्रस्ट की घोषणा कर दी है और अब मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि एक ऐसा मंदिर जो भारत ही नहीं पूरे विश्व को मानवता, मर्यादा और बंधुत्व का संदेश देती है। राम राम बोलना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जाति धर्म के लोग है जब परस्पर अभिवादन करते है तो राम राम ही बोलते है। राम नाम का नारा गुंजायमान करना पवित्रता और आत्मीयता की निशानी है। नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को संसद में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की घोषणा को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जनभावनाओं का सम्मान बताया है। नेतागणों ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने जो निर्देश दिए थे उन्होंने निर्देशों को मूर्त रूप दे देकर नरेंद्र मोदी ने देश की आवाज को और मजबूत किया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की घोषणा के बाद रामलला का भव्य मंदिर बनेगा आज का दिन ऐतिहासिक और इतिहास में दर्ज होगा।


भारतवासियों के हृदय का संकल्प पूरा हुआ : चौहान


                भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आज पूरा देश गदगद और प्रसन्न है। करोड़ो करोड़ भारतवासियों के हृदय का संकल्प पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि राम हमारे अस्तित्व, आराध्य, प्राण और हमारे भगवान है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हम सब लोगों ने स्वागत किया था। सभी धर्म जाति पंथ के सभी लोग मिलकर राममंदिर के निर्माण में सहयोग करेंगे। चौहान ने कहा कि उन सभी रामभक्तों को बधाई देता हूं जिन्होंने राम जन्मभूमि के लिए संघर्ष और बलिदान किया था। उनका संघर्ष व्यर्थ नहीं गया।


बस इसी घड़ी का तो इंतजार था : उमा भारती


                पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती ने ट्वीट कर कहा कि नरेंद्र मोदी ने संसद में जो कैबिनेट के निर्णय की घोषणा की है -‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ ट्रस्ट की देखरेख में मंदिर बनेगा। बस इसी घड़ी का तो इंतजार था, इसी के लिए कभी अयोध्या में प्राण हथेली पर रख लिए थे।  नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत बधाई।


जो कहा उसे मोदी कर रहे पूरा : कैलाश विजयवर्गीय


पाटी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ के नाम से ट्रस्ट को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो कहा उसे शब्दशः पूरा करने का काम मोदीजी कर रहे है।


मध्यप्रदेश की ओर से मोदी का आभार : गोपाल भार्गव


नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि राम मंदिर निर्माण हजारों करोड़ों अनुयायियों की आस्था का विषय है। संसद में  नरेन्द्र मोदी द्वारा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की घोषणा कर राम भक्तों की जनभावनाओं को पूरा किया है। आज का दिन ऐतिहासिक है। नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने मध्यप्रदेश की जनता की ओर से नरेंद्र मोदी और अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम हमारे मान, सम्मान और स्वाभिमान के प्रतीक है। अब अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य और दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण बनेगा।


वोटबैंक के तुष्टिकरण के लिये संविधान का अपमान कर रही सरकारः राकेश सिंह


देश में उत्साह का वातावरण : मिश्रा


पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आराध्य ‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ के नाम से ट्रस्ट को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के पक्ष में फैसला दिया था और तीन महीने के अंदर ट्रस्ट की घोषणा से देशवासियों में उत्साह का वातावरण है।