कोरोना के 6 संदिग्ध मिलने से यूपी में हड़कंप

 


मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना के 6 संदिग्ध मिलने से हड़कंप मच गया है। यूपी सरकार ने सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अध्यक्षता में राज्य स्तर पर टेक्निकल समिति आपात बैठक आहूत कर प्रदेश के सभी जनपदों में चिकित्सा स्तर पर कंटेन्मेंट प्लान क्रियाशील करने का निर्देश दे दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह को साथ लेकर प्रदेश भर के जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधीक्षक कों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर इस रोग से निपटने के लिए समस्त अनिवार्य कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दिल्ली निवासी कोविन-4 (भारत मे कोरोना वायरस का चौथा रोगी) अपने दो रिश्तेदारों (आगरा निवासी) के साथ यूरोप यात्रा पर गया था ये लोग 26 फरवरी को वापस आये। 2मार्च को भारत सरकार द्वारा सूचित किया गया कि दिल्ली निवासी कोविद-4 में कोरोना धनात्मक पाया गया। उसके बाद तो यूपी प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये। तत्काल विभाग द्वारा आगरा की रैपिड रेस्पॉन्स टीम की सक्रिय किया गया। आगरा निवासी दोनों निवासियों में पॉजीटिव लक्षण मिलने पर उन्हें आगरा जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उनके परिवार के 23 लोगो का सैम्पल कलेक्ट कर जांच के लिये केजीएमयू लखनऊ में भेजा गया। जिनमें13 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें6 लोगों में कोरोना संदिग्ध पाया गया। इसके अलावा राजधानी लखनऊ में लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में कोरोना का संदिग्ध मरीज पहुंचा। रुखसार अयोध्या जिले के रुदौली तहसील का रहने वाला 32 वर्षीय रुखसार खान नामक व्यक्ति दुबई से लौटा है। रुखसार के अंदर कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के संदेह में अयोध्या से लखनऊ लाया गया।लोकबंधु हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इस संदर्भ में लोकबंधु हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉनेगी ने रुखसार नाम के रोगी के भर्ती होने की पुष्टि की है।उक्त रोगी की आइसोलेशन वार्ड में पूरी जांच प्रारंभ हो गयी है।उसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। देर शाम तक उसके ब्लड सैम्पल की रिपोर्ट आ जायेगी। रुखसार फरवरी में ही नौकरी के सिलसिले में दुबई गया था।