मनरेगा के पैसे को लेकर गोंडा में दो की हत्या


मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। गोण्डा जिले में दो पक्षों के बीच छिड़ी वर्चस्व की जंग में गोली चलने से सपा नेता लाठी सिंह व एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गयी। चार घायल हो गये, घटना की सूचना पर एएसपी मौके पर पहुँच गये हैं। बताया जा रहा है कि, उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के परास पट्टी मझवार गांव में मनरेगाकर्मियों का पैसा बंट रहा था। जिसमें कुछ लोगों द्वारा गड़बड़ी करने की खबर गांव में आयी। यह सुनकर लाठी सिंह अपने कुछ समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गये। जहां पहले से दल-बल के साथ मौजूद जिला पंचायत सदस्य अतुल सिंह परास तथा लाठी सिंह के बीच विवाद हो गया। जिसमें गोली चलने से लाठी सिंह व कन्हैया पाठक की मौके पर ही मौत हो गयी तथा लाठी सिंह के भाई विजय सिंह टिंटू सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये। जिसमे तीन की हालत गंभीर बतायी जा रही है। परास पट्टी मझवार गांव के संगम पुरवा में हुई घटना में मनरेगा मजदूरों के खाते से पैसा निकालने के मामले हुई  शिकायत के बाद जांच टीम गयी थी, उसी में विवाद हो गया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना स्थल पर भारी फोर्स के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये है। घटना के चंद घण्टों के अंदर ही कोरोना आक्रमण से जूझ रहे मुख्यमंत्री योगी ने गोंडा की घटना का संज्ञान ले लिया। उन्होंने गोंडा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से घटना का पूर्ण विवरण लेने के बाद घटना में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोषियों के खिलाफ रासुका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लॉक डाउन के दौरान हुई इस घटना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कड़ीं चेतावनी दिया। योगी ने घटना में उपयोग असलहे को तत्काल बरामद करने के निर्देश दिया। साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था किये जाने का निर्देश दिया।