युवा मोर्चा ने प्रदेश भर में चलाया ‘सेल्फी विथ मास्क’  और ‘वीडियो विथ मास्क’ अभियान


भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा मंगलवार को प्रदेश के सभी 56 संगठनात्म्क जिलों में कोरोना वायरस के खतरों के प्रति लोगों को सचेत करने और मास्क तथा फेस कवर लगाकर वायरस से सुरक्षा का संदेश देने के लिए ‘सेल्फी विथ मास्क’ और ‘वीडियो विथ मास्क’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान में प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्रीगण, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिलाष पाण्डे, सांसद, विधायकों सहित पार्टी व मोर्चा के पदाधिकारी एवं लाखों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार से प्रदेश के 56 जिलों, 20 हजार पंचायतों और वार्ड पंचायतों में ‘सेल्फी विथ मास्क’ और ‘वीडियो विथ मास्क’ अभियान शुरू किया। इस अभियान के दौरान युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर लोगों को कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए मास्क वितरित किए। इसके उपरांत मास्क लगाए लोगों के साथ सेल्फी और वीडियो बनाकर सोशल साइट्स पर अपलोड किए। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिलाष पाण्डे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को मास्क के उपयोग के प्रति जागरूक करना और जिन लोगों के पास मास्क नहीं हैं, उन्हें मास्क उपलब्ध कराकर कोरोना वायरस से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से शुरू हुए युवा मोर्चा के इस अभियान को प्रदेश के युवाओं ने काफी पसंद किया है। अभियान को सोशल साइट्स पर अच्छा रिस्पांस मिल रहा है और #bjymmpwithmask के माध्यम से युवा इस अभियान की सराहना कर रहे हैं। हैशटेग #bjymmpwithmask सारी दुनिया में ट्रेंड कर रहा है और प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ इस अभियान को पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी फॉलो कर रहे हैं।